फैक्ट्री में जांच के दौरान 180 किलो पनीर मिला, टीम ने कराया नष्ट
मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई, 180 किलो पनीर नष्ट
सोनीपत: त्योहारों के दौरान पनीर की बढ़ती मांग के बीच सोनीपत के देवड़ू रोड स्थित शिव कॉलोनी में सीएम फ्लाइंग और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को एक पनीर फैक्ट्री पर छापा मारा। करीब 500 गज के प्लॉट में संचालित इस यूनिट से 180 किलोग्राम पनीर और लगभग पांच हजार लीटर दूध बरामद हुआ। टीम ने पनीर नष्ट करवाने के साथ दूध और पनीर के दो-दो नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
एक महीने पहले ही शुरू की गई थी यूनिट
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अध्या एंटरप्राइजेज के नाम से चल रही इस फैक्ट्री का संचालन मधुप कर रहा था। त्योहारों में पनीर की मांग बढ़ने को देखते हुए करीब एक महीने पहले ही यूनिट शुरू की गई थी। छापेमारी के समय फैक्ट्री में तीन से चार मजदूर काम करते मिले।
दूध की टंकियों में मिलीं मक्खियां, सफाई व्यवस्था भी बदहाल
जांच के दौरान फैक्ट्री में अलग-अलग टंकियों में करीब पांच हजार लीटर दूध मिला। इसमें 4,400 लीटर ठंडा दूध था, जबकि 600 लीटर दूध कढ़ाई में गर्म किया जा रहा था। गाड़ी में रखी दूध की दो टंकियों में दूध के ऊपर मक्खियां बैठी मिलीं। इसके अलावा खाद्य सामग्री तैयार करने और रखने की जगह पर भी साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी।
टीम को मौके से एक्सपायरी तारीख का पाम ऑयल भी मिला। फैक्ट्री संचालन के लिए जरूरी मान्यता और प्रदूषण नियंत्रण विभाग का प्रमाण पत्र भी उपलब्ध नहीं मिला। यूनिट नाले के बिल्कुल पास संचालित हो रही थी। इस पर प्रदूषण नियंत्रण विभाग के एसडीओ ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।
सिसाना के आयुष मिल्क प्लांट से आता था दूध
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में खरखौदा क्षेत्र के गांव सिसाना स्थित आयुष मिल्क प्लांट से दूध मंगवाया जाता था। बताया गया कि हर दो दिन में एक गाड़ी दूध लेकर फैक्ट्री पहुंचती थी।
एनालॉग पनीर बनाने की मिली जानकारी, रिपोर्ट से होगी पुष्टि
अधिकारियों के अनुसार, फैक्ट्री में एनालॉग पनीर तैयार किए जाने की जानकारी मिली है। इस प्रकार के पनीर में दूध की वसा के स्थान पर वनस्पति वसा या अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, बरामद पनीर की वास्तविक प्रकृति और गुणवत्ता की पुष्टि प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। टीम ने दूध और पनीर के कुल चार नमूने जांच के लिए भेजे हैं।