जींद: हरियाणा के जींद जिले में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने नरवाना की चमेला कॉलोनी में व्यापक स्तर पर सर्च एवं चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक उपासना के निर्देश पर शुरू हुई इस कार्रवाई में कई विभागों की टीमें एक साथ मैदान में उतरीं। अभियान का नेतृत्व डीएसपी नरवाना कमलदीप राणा ने किया। पुलिस के साथ बिजली विभाग, वन विभाग, डॉग स्क्वायड और नशा मुक्ति टीम को भी इस कार्रवाई में शामिल किया गया।

कार्रवाई के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों ने सुबह होने से पहले ही कॉलोनी में पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया। इसके बाद संदिग्ध मकानों, व्यक्तियों और नशे के कारोबार से जुड़े संभावित ठिकानों की जांच शुरू की गई। पुलिस टीमों ने चमेला कॉलोनी के अलावा अन्य संदिग्ध स्थानों पर भी दबिश दी। इस दौरान कई लोगों से पूछताछ की गई और मकानों की तलाशी लेकर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई।

अभियान में शहर थाना, सदर थाना, गढ़ी थाना, उचाना थाना, सीआईए नरवाना, डिटेक्टिव स्टाफ जींद और विभिन्न पुलिस चौकियों की टीमें शामिल रहीं। संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर एक कार और दो मोटरसाइकिलों के अलावा एसी, फ्रिज, कूलर, पंखा, गैस सिलेंडर और दो गैस चूल्हे सहित अन्य घरेलू सामान कब्जे में लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हलचल देखने को मिली।

इस अभियान में बिजली विभाग की टीम ने भी जांच के दौरान बड़ी अनियमितता पकड़ी। टीम ने कुल 18 मकानों में बिजली की अवैध सप्लाई का मामला सामने आने पर संबंधित मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की। विभाग की ओर से मौके पर ही करीब दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं वन विभाग की टीम ने नौ मकानों में अवैध रूप से रखी गई लकड़ी बरामद की और नियमानुसार जुर्माना लगाया।

इस तरह नशे के खिलाफ शुरू किए गए संयुक्त अभियान में पुलिस के साथ अन्य विभागों को भी अलग-अलग तरह की अनियमितताओं का पता चला। विभिन्न टीमों ने अपने-अपने स्तर पर जांच और कार्रवाई की।

डीएसपी कमलदीप राणा ने बताया कि नरवाना की चमेला कॉलोनी सहित अन्य स्थानों से नशे से संबंधित शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस का उद्देश्य नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों और नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क पर निगरानी रखते हुए ऐसी गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।

उन्होंने कहा कि पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसके लिए जरूरत के अनुसार विभिन्न विभागों के साथ मिलकर अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

डीएसपी ने आम नागरिकों से भी इस मुहिम में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को अपने आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करे। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।

Tags: