शिमला में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, बड़ी संख्या में लोग शामिल

Update: 2026-07-31 14:27 GMT

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी को बड़ी मजबूती मिली है। संगठन विस्तार अभियान के तहत 70 से अधिक लोगों ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। प्रदेश लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की मौजूदगी में नए कार्यकर्ताओं का पार्टी में स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा, युवाओं के मुद्दों और क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर अपनी बात रखी।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण क्षेत्र में लोगों का कांग्रेस के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है और आने वाले समय में बड़ी संख्या में नए लोग पार्टी से जुड़ेंगे।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक मजबूत विचारधारा है, जो देश और प्रदेश की एकता, विकास और जनहित के लिए समर्पित है। उन्होंने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले सभी कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने और जनता की समस्याओं को उठाने की जिम्मेदारी निभानी होगी।

कार्यक्रम के दौरान विक्रमादित्य सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए नीट पेपर लीक मामले को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देश में युवाओं और छात्रों के साथ अन्याय हो रहा है। नीट पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है।

उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से मेहनत करने वाले छात्रों का भरोसा कमजोर होता है। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे छात्रों और युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाएं और अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करें।

इस मौके पर शिमला जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह के नेतृत्व में शिमला ग्रामीण क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है और यह क्षेत्र विकास के मॉडल के रूप में उभर रहा है।

बैठक में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अमित नंदा, विनीत गौतम, चंद्र शेखर शर्मा, जितेंद्र ठाकुर, यशपाल तनाईक समेत कई पदाधिकारी शामिल थे। नेताओं ने संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा की।

विक्रमादित्य सिंह ने इस दौरान क्षेत्र के लिए कई विकास परियोजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि यशवंतनगर-राजगढ़ सड़क के उन्नयन के लिए करीब 290 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है। उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि कोटखाई, जुब्बल, रोहड़ू और आसपास के बागवानी क्षेत्रों से सेब और अन्य उत्पादों का परिवहन इसी मार्ग से होता है।

उन्होंने कहा कि सड़क परियोजना से बागवानों, व्यापारियों और आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि मानसून के बाद निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके।

मंत्री ने बताया कि इस परियोजना से चार से पांच विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा बिरादरी क्षेत्र की सड़क परियोजना के लिए लगभग 60 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। वहीं पहले छूटे हुए करीब 16 किलोमीटर सड़क हिस्से के निर्माण के लिए भी 50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

विक्रमादित्य सिंह ने इन परियोजनाओं के लिए सहयोग करने वाले केंद्रीय मंत्री, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, विधायक कुलदीप सिंह राठौर और अन्य जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश में बेहतर सड़क नेटवर्क तैयार करना और लोगों को मजबूत बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

शिमला ग्रामीण में कांग्रेस में हुई इस नई जॉइनिंग को पार्टी संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं विकास परियोजनाओं की घोषणाओं के जरिए कांग्रेस सरकार क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

Tags:    

Similar News