धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि वर्तमान मुख्यमंत्री ने अपने पूर्ववर्ती तमाम कांग्रेसी मुख्यमंत्रियों के रिकॉर्ड ध्वस्त कर ईंधन पर सबसे ज्यादा टैक्स वसूलने का शर्मनाक कीर्तिमान अपने नाम दर्ज करा लिया है। सत्ता में आने से पूर्व जनता को लोकलुभावन गारंटियों का झांसा देने वाली कांग्रेस का असली और जनविरोधी चरित्र अब पूरी तरह उजागर हो चुका है। 'व्यवस्था परिवर्तन' का नारा देने वाली इस सरकार का असल मकसद केवल जनता की जेब में डकैती डालना और नए-नए करों का चाबुक चलाकर आम नागरिक का जीना दूभर करना रह गया है।

यहां जारी एक प्रेस बयान में राकेश जम्वाल ने जनाक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि जनवरी 2023 से लेकर अब तक इस नकारा सरकार ने हिमाचल की जनता पर तीन-तीन बार कर का चाबुक चलाया है। केवल एक ही वर्ष में डीजल पर कुल 6 रुपये प्रति लीटर का अतिरिक्त डाका डालकर बागवानों, किसानों, ट्रांसपोर्टरों और दैनिक यात्रियों की कमर तोड़ दी गई।

भाजपा मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि अगस्त 2026 आते-आते सुक्खू सरकार ने जनता की जेब काटने का एक नया नायाब पैंतरा इजाद कर लिया। वैट कानून में गुपचुप संशोधन का खेल खेलकर पेट्रोल और डीजल पर 'अनाथ एवं विधवा सेस' के नाम पर एक नया कर लगा दिया गया।

विधायक राकेश जम्वाल ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि झूठे वादों के बूते सत्ता में आई इस जनविरोधी और दोहरे चरित्र वाली कांग्रेस सरकार को हिमाचल की स्वाभिमानी जनता कभी माफ नहीं करेगी।

Tags: