नाहन: हिमाचल प्रदेश के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोलर में मंगलवार को मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त ऑनरेरी लेफ्टिनेंट नानक चंद ने बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देकर सम्मानित किया।

नानक चंद ने हर वर्ष की परंपरा को जारी रखते हुए कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को 15-15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। इसके अलावा उन्होंने विद्यालय के विकास कार्यों में सहयोग के लिए स्कूल प्रबंधन समिति को 1,100 रुपये भी भेंट किए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार और एसएमसी सदस्यों ने नानक चंद के योगदान की सराहना करते हुए उनका आभार जताया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन करने और पढ़ाई में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य ओमकार शर्मा ने बताया कि नानक चंद प्रतिवर्ष स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक प्रोत्साहन प्रदान करते हैं। उनकी यह पहल विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन और शिक्षा को बढ़ावा देने में सहायक साबित हो रही है।

Tags: