विधानसभा पहुंचे स्कूली छात्र, स्पीकर से सीखी लोकतंत्र की बारीकियां
स्कूली बच्चों को विधानसभा अध्यक्ष ने समझाया कानून बनाने का तरीका
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के तपोवन में चल रहे शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को चंबा जिले के राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिन्हुता और भटियात स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सदन की कार्यवाही देखी। इससे पहले विद्यार्थियों ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से मुलाकात कर विधानसभा की भूमिका, गठन और अध्यक्ष के अधिकारों के बारे में जानकारी ली।
विधानसभा अध्यक्ष ने छात्रों को सरल उदाहरणों से लोकतांत्रिक व्यवस्था समझाई। उन्होंने बताया कि प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र से चुने गए विधायक मिलकर विधानसभा बनाते हैं, जिसका प्रमुख कार्य राज्य के लिए कानून बनाना है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष की भूमिका की तुलना स्कूल के प्रधानाचार्य से करते हुए कहा कि स्पीकर सदन की कार्यवाही को व्यवस्थित ढंग से संचालित करता है।
पठानिया ने विपक्ष की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विपक्ष सरकार के कामकाज पर नजर रखने के साथ जनता से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाता है। विधानसभा में विभिन्न विषयों पर चर्चा होती है और विधेयकों पर मतदान किया जाता है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का महत्वपूर्ण अंग है, जहां जनता अपने चुने हुए प्रतिनिधियों के माध्यम से शासन व्यवस्था में भागीदारी करती है। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष के आमंत्रण पर सभी विद्यार्थियों ने सदन की कार्यवाही का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।