शिमला: हिमाचल प्रदेश में दिव्यांग कोटे के तहत शिक्षक भर्ती का अंतिम परिणाम आने से पहले शॉर्टलिस्ट किए गए 86 अभ्यर्थियों की दोबारा मेडिकल जांच होगी। राज्य सरकार ने हाईकोर्ट को यह जानकारी दी है। इनमें टीजीटी के 83 और छठी से 12वीं कक्षा के स्पेशल एजुकेटर्स के तीन अभ्यर्थी शामिल हैं। संबंधित भर्ती में दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित 94 पदों का अंतिम परिणाम अभी लंबित है।

न्यायाधीश सुशील कुकरेजा की अदालत में सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से एक आधिकारिक पत्र प्रस्तुत किया गया। इसके मुताबिक, दीन दयाल उपाध्याय जोनल अस्पताल, शिमला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी से नई मेडिकल जांच के लिए तारीख, समय और स्थान तय करने का अनुरोध किया गया है। सरकार ने प्रक्रिया पूरी करने के लिए समय मांगा, जिसके बाद अदालत ने अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद निर्धारित की।

याचिकाकर्ताओं के अनुसार, राज्य सरकार ने 2 जनवरी 2026 को बेंचमार्क दिव्यांगता श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए टीजीटी के विभिन्न पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। दस्तावेज सत्यापन और काउंसलिंग की प्रक्रिया 11 अगस्त 2026 को पूरी हो गई थी।

अदालत को बताया गया कि राज्य चयन आयोग की सिफारिशों के आधार पर सामान्य और अन्य श्रेणियों का अंतिम परिणाम 19 सितंबर 2026 को घोषित कर दिया गया। हालांकि, दिव्यांग कोटे के तहत आरक्षित 94 पदों का परिणाम जारी नहीं हुआ। याचिकाकर्ताओं ने इसे मनमाना और गैरकानूनी बताते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

इससे पहले 6 और 13 अक्टूबर को हुई सुनवाई में अदालत ने सरकार से भर्ती की स्थिति स्पष्ट करने को कहा था। उस दौरान शिक्षा निदेशक की ओर से बताया गया था कि मेरिट सूची तैयार कर ली गई है। अब सरकार ने 86 शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों की दोबारा मेडिकल जांच कराने की प्रक्रिया की जानकारी अदालत के समक्ष रखी है।

Tags: