ठेका विवाद में पुलिस और कारोबारी आमने-सामने

Update: 2026-07-23 13:53 GMT

हिमाचल प्रदेश: ऊना जिले के मैहतपुर क्षेत्र में शराब ठेके पर पुलिस और कर्मचारियों के बीच हुई मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस जहां ठेका कर्मचारियों पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगा रही है, वहीं शराब कारोबारी ने पुलिस कर्मियों पर नशे की हालत में जबरन ठेके में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला बुधवार देर रात का है। मैहतपुर पुलिस को एक महिला की शिकायत मिली थी कि उसका बेटा राकेश शराब ठेके के कर्मचारियों के साथ गया है और उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम युवक की तलाश और मामले की जांच के लिए मैहतपुर स्थित शराब ठेके पर पहुंची थी।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान ठेके पर मौजूद कर्मचारियों के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि ठेका कर्मचारियों ने पुलिस टीम के साथ मारपीट की और शराब की बोतलें भी तोड़ीं। इसके बाद मौके पर हंगामा बढ़ गया। पुलिस ने इस मामले में ठेका कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

वहीं, शराब कारोबारी टीएन द्विवेदी ने पुलिस के आरोपों को गलत बताते हुए अलग कहानी सामने रखी है। कारोबारी का कहना है कि उनके पूर्व कर्मचारी राकेश के साथ 70 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। दिन में बातचीत के बाद राकेश को वापस भेज दिया गया था। इसके बाद रात में कुछ लोग सादे कपड़ों में शराब ठेके पर पहुंचे और कर्मचारियों से कहने लगे कि एक व्यक्ति को यहां बंधक बनाकर रखा गया है।

कारोबारी के अनुसार, जब सेल्समैन ने ऐसी किसी भी बात से इनकार किया तो कुछ लोगों ने जबरन ठेके में प्रवेश किया और मारपीट शुरू कर दी। उनका आरोप है कि मारपीट करने वाले पुलिसकर्मी थे, जो नशे की हालत में थे। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों ने बिना अधिकार ठेके में प्रवेश किया और ताला लगाने की कोशिश भी की।

शराब कारोबारी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि घटना की सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है।

इस मामले में ऊना के पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस की ओर से शराब ठेके के कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कर्मचारियों पर पुलिस टीम के साथ मारपीट करने और शराब की बोतलें तोड़ने के आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एसपी ने यह भी बताया कि दूसरे पक्ष की ओर से अभी तक कोई औपचारिक शिकायत पुलिस को नहीं मिली है। यदि शिकायत प्राप्त होती है तो तथ्यों के आधार पर जांच की जाएगी और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद मैहतपुर क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस और शराब ठेका कर्मचारियों के बीच हुए विवाद ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि आखिर घटना के दौरान क्या हुआ था और किस पक्ष की गलती थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

Tags:    

Similar News