बसोहली कॉलेज में साहित्यिक कार्यक्रम की धूम, छात्रों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
साहित्यिक मंच पर चमकी युवा प्रतिभाएं, नाटक और कविताओं ने बांधा समां
बसोहली: जम्मू-कश्मीर के राजकीय डिग्री कॉलेज बसोहली में बुधवार को अंग्रेजी विभाग की ओर से ‘बियॉन्ड द पेजेज: एन आवर विद लिटरेचर’ शीर्षक से साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों से आगे साहित्य की दुनिया से जोड़ना और उनकी रचनात्मक प्रतिभा तथा अभिव्यक्ति कौशल को मंच प्रदान करना था।
कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. राजकिरण शर्मा के संरक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न सेमेस्टरों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. उजाला के स्वागत संबोधन से हुआ।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने साहित्य से जुड़ी विभिन्न रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं। इनमें प्रसिद्ध नैतिक नाटक एवरीमैन, रॉबर्ट फ्रॉस्ट की कविता द रोड नॉट टेकन और रवींद्रनाथ टैगोर की रचना व्हेयर द माइंड इज विदाउट फियर का पाठ शामिल रहा।
इसके अलावा विद्यार्थियों ने अंग्रेजी गीत और रोचक प्रसंग प्रस्तुत कर अपनी साहित्यिक रुचि तथा अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. शुभ कुमार ने प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ साहित्यिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।
इस साहित्यिक आयोजन का संचालन एवं समन्वय अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. उजाला की देखरेख में किया गया।
कार्यक्रम में आईक्यूएसी संयोजक डॉ. सुराया प्रताप सिंह, एनएसएस अधिकारी डॉ. रोशल लाल सहित विभिन्न विभागों के अध्यक्ष और शिक्षक उपस्थित रहे।
कॉलेज में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को साहित्य की विभिन्न विधाओं से जुड़ने और अपनी रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला।