बादल फटने से तबाही, फ्लैश फ्लड में 20 कनाल जमीन धंसी; NH-44 किनारे सात दुकानें ढहीं
Udhampur उधमपुर: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार तड़के बादल फटने से अचानक आई बाढ़ ने भारी नुकसान पहुंचाया। ऊपरी कित्थर क्षेत्र के नंगा धल इलाके में करीब रात 2 बजे बादल फटने की घटना हुई, जिसके बाद तेज बहाव के साथ फ्लैश फ्लड आ गया। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण स्थानीय नालों और जलधाराओं में पानी का बहाव अचानक बढ़ गया। तेज रफ्तार पानी ने निचले इलाकों में पहुंचकर जमीन और बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान पहुंचाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाढ़ के पानी के दबाव से 20 कनाल से अधिक जमीन धंस गई। वहीं, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) के पास चिरड़ी इलाके में प्रेम मंदिर के समीप सात दुकानें भी ढह गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें हालात का जायजा लेने में जुटी हुई हैं। अधिकारियों द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम और अचानक बढ़ते जलस्तर के दौरान नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। मानसून के दौरान पहाड़ी इलाकों में बादल फटने और अचानक बाढ़ की घटनाओं को देखते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। उधमपुर समेत जम्मू-कश्मीर के कई पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा बढ़ गया है। राहत और बचाव एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।