श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर क्राइम ब्रांच के इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (ईओडब्लू) कश्मीर ने मंगलवार को एक ऐसे व्यक्ति के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है जिस पर सीआईडी अधिकारी बनकर लोगों को सरकारी नौकरी और ट्रांसफर दिलाने का झांसा देकर ठगी करने का आरोप है।

जारी एक बयान में एक प्रवक्ता ने बताया कि ईओडब्लू कश्मीर ने एफआईआर नंबर 24/2023 के तहत, आईपीसी की धारा 420 और 468 के अंतर्गत श्रीनगर के सब-जज की अदालत में गुलाम हसन डार पुत्र मोहम्मद यूसुफ डार, निवासी धोबी घाट, हजरतबल के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। उन्होंने बताया कि यह मामला एक लिखित शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी ने खुद को दिल्ली में तैनात सीआईडी अधिकारी बताकर लोगों को सरकारी काम कराने का झांसा दिया और उनके साथ धोखाधड़ी की। आरोप है कि उसने रेलवे विभाग के एक कर्मचारी को उत्तराखंड से श्रीनगर ट्रांसफर कराने का वादा किया था। इसके अलावा उसने एक अन्य व्यक्ति को स्वास्थ्य विभाग में 'नर्सिंग ऑर्डरली' के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और उसे फर्जी नियुक्ति पत्र व प्रतिनियुक्ति पत्र थमा दिए। इस तरह उसने लोगों से लाखों रुपये की ठगी की।

प्रवक्ता ने बताया कि जांच के दौरान ये आरोप सही पाए गए जिसके बाद मामले को साबित मान लिया गया। चूंकि आरोपी फरार है इसलिए धारा 512 के तहत अदालत में उसके बिना ही चार्जशीट दाखिल कर दी गई है।

बयान में कहा गया है एसएसपी ईओडब्लू कश्मीर ने आम जनता को सलाह दी है कि वे सरकारी अधिकारियों से संबंध होने का दावा करने वाले लोगों की पहचान की पुष्टि जरूर करें। सरकारी नौकरी या ट्रांसफर के लिए कभी भी किसी अनधिकृत माध्यम से पैसे न दें। ऐसी किसी भी धोखाधड़ी की सूचना ईओडब्लू कश्मीर को दें।

Tags: