वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों ने प्रस्तुत की अशोक के जीवन पर नाटिका
सांस्कृतिक कार्यक्रम में नाटिका से दिखाया अशोक का जीवन सफर
हल्द्वानी: दिल्ली पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी में शनिवार को वार्षिक उत्सव आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने ‘सम्राट अशोक : चंड से धम्म तक’ विषय पर आधारित संगीतमय नाटिका प्रस्तुत कर उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं और युद्ध से शांति एवं करुणा की ओर हुए परिवर्तन को मंच पर प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट और विशिष्ट अतिथि एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन उनके सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन भी किया। वार्षिकोत्सव की मुख्य प्रस्तुति में विद्यार्थियों ने सम्राट अशोक के प्रारंभिक जीवन, साम्राज्य विस्तार की महत्वाकांक्षा और कलिंग युद्ध के दृश्यों का मंचन किया।
नाटिका में युद्ध के दौरान हुई जनहानि और विनाश से व्यथित अशोक के जीवन में आए बदलाव को भी दर्शाया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों ने हिंसा के स्थान पर अहिंसा, युद्ध के स्थान पर शांति और साम्राज्य विस्तार के बजाय मानव कल्याण को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
प्रस्तुति में सांची के स्तूप, बोधि वृक्ष, अशोक स्तंभ और धर्मचक्र से जुड़े दृश्यों को भी शामिल किया गया। विद्यार्थियों ने अभिनय, नृत्य और संगीत के माध्यम से ऐतिहासिक प्रसंगों को प्रस्तुत किया। मंच सज्जा, पारंपरिक वेशभूषा और प्रकाश संयोजन भी कार्यक्रम के आकर्षण रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों को सम्राट अशोक के जीवन से प्रेरणा लेते हुए करुणा, शांति, सहिष्णुता और सेवा के मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया गया।