चक्रधरपुर: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में 500 रुपये के विवाद में 41 साल के एक महिला की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सैयद मुस्तफा हाशमी ने एक बयान में बताया कि घटना 11 नवंबर की आधी रात के आसपास सोनुआ थाना क्षेत्र के हड़िमारा गांव में हुई। उस समय आरोपी एक अन्य महिला रीना गोप (32) के घर के बाहर अलाव के पास बैठे थे। रीना के पति की हाल ही में मौत हुई थी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी रीना के पति पांडु गोप के निधन के बाद 'मरखी' (मृत्यु के बाद की रस्म) पूरी करने के बाद अलाव के पास बैठे थे। इसी दौरान पीड़िता जिंगी बांकीरा वहां पहुंची और कथित तौर पर उनके खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। एसडीपीओ ने बताया कि बांकीरा इस बात से नाराज थी कि रीना के दिवंगत पति पर उसके 500 रुपये बकाया थे और पैसे लौटाए बिना ही उसकी मौत हो गई थी। बांकीरा वहां से भागकर अपने घर के पीछे स्थित एक बगीचे में छिप गई, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा किया और उसे ढूंढ निकाला। इसके बाद वे उसे बाल पकड़कर घसीटते हुए सड़क पर ले आए, जहां कथित तौर पर उसकी पिटाई की।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों में से एक कृष्णा गोप ने जिंगी बांकीरा के जमीन पर गिर जाने के बाद भी उसके सिर पर लाठी से छह से सात बार वार किया। चोट के कारण बांकीरा की मौत हो गई। पीड़िता के बेटे प्रेम सिंह बांकीरा की शिकायत के आधार पर अगले दिन भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
हाशमी ने बताया कि मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई थी। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को हड़िमारा गांव के रहने वाले सूरज गोप (25), रघु गोप (19), गुकुल गोप उर्फ लंगरू (26), रीना गोप (32), मधु गोप उर्फ कोचे और मनोहरपुर थाना क्षेत्र के निवासी कृष्णा गोप को गिरफ्तार किया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई खून से सनी लाठियां, घटनास्थल से खून के धब्बों वाली मिट्टी, एक चूड़ी का टुकड़ा और रघु गोप की खून से सनी जींस भी बरामद की है।
Tags: