झारखंड: पश्चिमी सिंहभूम जिले में 500 रुपये के बकाये को लेकर हुए विवाद में 41 वर्षीय जिंगी बांकीरा की पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने महिला को बाल पकड़कर घसीटा और सड़क पर उसकी पिटाई की। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 11 नवंबर की आधी रात के आसपास सोनुआ थाना क्षेत्र के हड़िमारा गांव में हुई। चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सैयद मुस्तफा हाशमी ने बताया कि कुछ लोग रीना गोप के घर के बाहर अलाव ताप रहे थे। रीना के पति पांडु गोप की हाल ही में मृत्यु हुई थी और उनकी मृत्यु के बाद की परंपरागत रस्म ‘मरखी’ पूरी हो चुकी थी।
इसी दौरान जिंगी बांकीरा वहां पहुंची। बताया गया कि पांडु गोप पर उनके 500 रुपये बकाया थे। रकम वापस नहीं मिलने की बात को लेकर जिंगी का वहां मौजूद लोगों से विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान महिला ने कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। विवाद बढ़ने पर जिंगी वहां से निकलकर अपने घर के पीछे स्थित बगीचे में छिप गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने उसका पीछा किया और उसे खोज निकाला। इसके बाद उसे बाल पकड़कर घसीटते हुए सड़क पर लाया गया और पीटा गया।
हमले में जिंगी गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एसडीपीओ सैयद मुस्तफा हाशमी ने गिरफ्तारियों की पुष्टि की है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घटनाक्रम और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Tags: