इंदौर में एक के बाद एक पांच बसें जलीं, अन्य बसों को हटाया
तेज हवा के बीच फैली आग, चार्टर्ड बस डिपो में भारी नुकसान
इंदौर: एग्रीकल्चर कॉलेज के सामने स्थित चार्टर्ड बस डिपो में देर रात करीब दो बजे लगी आग ने पांच बसों को पूरी तरह नष्ट कर दिया। परिसर में आई-बस समेत कंपनी की कई अन्य बसें भी खड़ी थीं। आग उनके पास पहुंचने से पहले दूसरी बसों को सुरक्षित दूरी पर हटाया गया। दमकल की टीमों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग डिपो के पास पड़े कचरे के ढेर से शुरू हुई थी। तेज हवा के कारण लपटें पास खड़ी बसों तक पहुंच गईं। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
लपटें फैलते ही एक के बाद एक पांच बसें आग की चपेट में आ गईं। बसों से उठती आग और घने धुएं को देखकर डिपो कर्मचारियों तथा आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। परिसर में मौजूद अन्य बसों तक आग फैलने का खतरा भी बन गया था।
मौके पर पहुंचीं दमकल की टीमों ने आग बुझाने के साथ दूसरी बसों को सुरक्षित हटवाया। दमकलकर्मी करीब दो घंटे तक लगातार पानी की बौछार करते रहे। आग पर नियंत्रण होने के बाद परिसर में स्थिति सामान्य हुई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना में किसी के घायल होने या जान गंवाने की सूचना नहीं है। आग बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पांच बसों के जलने से हुए कुल नुकसान और आग की वजह का पता जांच पूरी होने पर चल सकेगा।