जबलपुर: कच्चे रास्ते पर खड़ी काली स्कॉर्पियो पर नंबर प्लेट नहीं थी। पिछली सीट की खिड़की का कांच टूटा हुआ था और पीछे बाईं तरफ का टायर फटा था। भेड़ाघाट पुलिस ने संदिग्ध हालत में मिले इस वाहन की डिक्की खोली तो खाकी टेप में लिपटे गांजे के 12 पैकेट बरामद हुए। इनमें कुल 136 किलो 84 ग्राम गांजा मिला। वहीं, जिले के घमापुर क्षेत्र में अलग कार्रवाई के दौरान एक महिला को 1 किलो 7 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया।

भेड़ाघाट थाना प्रभारी कमलेश चौरिया के अनुसार, मंगलवार को चौकीताल नहर के पास संदिग्ध वाहन खड़ा होने की सूचना मिली थी। टीम चौकीताल-लम्हेटा मोड़ के पास पहुंची तो नहर किनारे कच्चे रास्ते पर स्कॉर्पियो लावारिस हालत में मिली।

तलाशी में वाहन की डिक्की से बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 68 लाख 42 हजार रुपये बताई गई है। स्कॉर्पियो के भीतर एक नंबर प्लेट भी मिली, जिस पर यूपी 57 सीसी 7869 अंकित था। पुलिस ने वाहन और गांजा जब्त कर अज्ञात चालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत कार्रवाई की है। वाहन की पहचान, गांजे के स्रोत और तस्करी नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

दूसरी कार्रवाई घमापुर थाना क्षेत्र के चांदमारी तलैया टेस्टिंग रोड पहाड़ के पास हुई। थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे ने बताया कि मुखबिर से एक महिला के पास बिक्री के लिए गांजा रखे होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने दबिश दी तो संदिग्ध महिला भागने लगी। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में महिला ने अपना नाम रीता कुचबंधिया, निवासी लालमाटी चांदमारी टेस्टिंग रोड, घमापुर बताया। पुलिस के अनुसार, नियमानुसार तलाशी के दौरान घर के कमरे में रखी अलमारी से नारंगी और सफेद रंग के थैले मिले। इनमें पुड़ियों में गांजा रखा था।

बरामद गांजे का वजन 1 किलो 7 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये है। पुलिस ने गांजा जब्त कर महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया।

दोनों कार्रवाइयां पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत की गईं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-3 मनीष भारद्वाज और संबंधित नगर पुलिस अधीक्षकों के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने कार्रवाई की।

Tags: