Madhya Pradesh मध्य प्रदेश। पवित्र श्रावण मास के पहले सोमवार के अवसर पर मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भगवान ओंकारेश्वर महाराज की विशेष पूजा-अर्चना और भव्य सवारी का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। ओंकारेश्वर मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित निलेश पुरोहित ने बताया कि भगवान ओंकारेश्वर महाराज की सवारी पूरे साल हर सोमवार को निकाली जाती है, लेकिन श्रावण मास के सोमवार का धार्मिक महत्व अधिक होता है। इसी कारण इस अवधि में निकलने वाली सवारी को और अधिक भव्य रूप दिया जाता है।
पंडित निलेश पुरोहित ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का विशेष महीना माना जाता है। इस दौरान देशभर से श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए ओंकारेश्वर पहुंचते हैं। सोमवार के दिन भगवान की पूजा, अभिषेक और विशेष अनुष्ठानों का आयोजन किया जाता है। श्रावण के पहले सोमवार को मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालुओं ने भगवान ओंकारेश्वर का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। मंदिर परिसर में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।
प्रशासन की ओर से भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए। मंदिर क्षेत्र में व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल और अन्य विभागों के कर्मचारी तैनात रहे। ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है और इसका धार्मिक महत्व देशभर में माना जाता है। श्रावण मास के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रावण सोमवार की विशेष सवारी और धार्मिक आयोजन के कारण ओंकारेश्वर नगरी में पूरे दिन उत्साह और भक्ति का वातावरण बना रहा।
Tags: