Sagar: सागर जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां बहेरिया थाना परिसर के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार की टक्कर से बाइक सवार युवक उछलकर थाने की रैलिंग तोड़ते हुए थाना परिसर में जा गिरे। घटना सागर-जबलपुर मार्ग पर बहेरिया थाना के सामने शनिवार शाम करीब 5 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार तीन लोग सड़क से उछलकर सीधे थाना परिसर में जा गिरे।
हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
मृतकों की पहचान रामचरण अहिरवार (28 वर्ष), निवासी बरायठा और सुनील अहिरवार (23 वर्ष), निवासी बराज के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवती की पहचान खुशबू अहिरवार (20 वर्ष), निवासी बम्होरी बीका के रूप में हुई है। घायल युवती का इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।
बहेरिया थाना पुलिस ने कार चालक अमित यादव और उसके साथी को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरे को सामने ला दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।