भोपाल में NEET पेपर लीक के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन, 30 जिलों से पहुंचे युवा

Update: 2026-07-23 14:12 GMT

Bhopal: भोपाल के नीलम पार्क में गुरुवार को राज्य स्तरीय छात्र-युवा प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह प्रदर्शन NEET पेपर लीक मामले और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में किया गया। मूवमेंट अगेंस्ट अनएम्प्लॉयमेंट के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में मध्य प्रदेश के करीब 30 जिलों से छात्र, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थी, युवा और नर्सिंग छात्र शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने पेपर लीक, बेरोजगारी, भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, ठेका प्रथा, नर्सिंग छात्रों की समस्याओं और सरकारी पदों पर भर्ती नहीं होने जैसे मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों के हाथों में विभिन्न मांगों से जुड़े पोस्टर और तख्तियां दिखाई दीं। प्रदर्शन में सबसे ज्यादा चर्चा उस पोस्टर की रही, जिस पर लिखा था, "ये पेपर लीक नहीं, सिस्टम का लीकेज है।" छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों से युवाओं का भरोसा कमजोर हो रहा है।

प्रदर्शन में कई छात्र सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में भी पहुंचे। युवाओं ने उनके समर्थन में नारे लगाए और कहा कि देश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार को युवाओं की आवाज सुननी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मूवमेंट अगेंस्ट अनएम्प्लॉयमेंट के मध्य प्रदेश संयोजक प्रमोद नामदेव ने कहा कि NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर कार्रवाई से युवाओं में नाराजगी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि संसद मार्च के दौरान पुलिस ने आंसू गैस, वाटर कैनन और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया। उन्होंने पूरे मामले की न्यायिक जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने कहा कि बेरोजगारी और भर्ती प्रक्रिया में देरी युवाओं के लिए बड़ी समस्या बन चुकी है। लॉ छात्र श्रीराम ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं से जुड़ा है और सरकार को रोजगार व शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।

वहीं, गुना से पहुंची नर्सिंग छात्रा लक्ष्मी ने कहा कि छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के हर जिले में युवाओं की आवाज उठाई जाएगी।आंदोलन से जुड़े मनोज रजक ने कहा कि व्यापम घोटाले के बाद भी भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं का विश्वास प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में सरकारी पद खाली हैं, लेकिन नियमित भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि प्रतियोगी परीक्षाओं को पारदर्शी बनाया जाए, पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाई जाए और युवाओं से जुड़े मुद्दों का जल्द समाधान किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Tags:    

Similar News