Mumbai: गढ़चिरौली में सर्पदंश मामले ने पकड़ा तूल, प्रिंसिपल सहित दो गिरफ्तार
सर्पदंश मामले में गढ़चिरौली आश्रम स्कूल की प्रिंसिपल सहित दो पकड़े गए
मुंबई: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के जपतलाई में एक अनुदानित आश्रम स्कूल में सर्पदंश मामले में पुलिस ने गुरुवार को स्कूल के प्रिंसिपल और सुपरिटेंडेंट को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की छानबीन धानोरा पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने आज बताया कि बीती 10 अगस्त को गढ़चिरौली के धनोरा तहसील के आश्रम स्कूल में सर्पदंश से तीन छात्राओं की मौत हो गई थी। इस मामले में धनोरा पुलिस स्टेशन में बीती रात संस्था के प्रेसिडेंट और पूर्व सांसद मारोतराव कोवासे, संस्था के सेक्रेटरी और जिला कांग्रेस कमेटी के मौजूदा प्रेसिडेंट विश्वजीत कोवासे ,स्कूल के प्रिंसिपल प्रशांत टाटपल्लीवार, सुपरिटेंडेंट भास्कर भोयर और महिला सुपरिटेंडेंट भाग्यश्री चिलमवार इस तरह पांच लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
गुरुवार को पुलिस टीम ने इस मामले में स्कूल के प्रिंसिपल और सुपरिटेंडेंट को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही इस घटना में पुलिस इस घटना से जुड़े अन्य लोगों का भी बयान दर्ज कर रही है। मामले की गहन छानबीन की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में सर्पदंश की शिकार तीन छात्राओं का इलाज जारी है।
आदिवासी विकास मंत्री डॉ. अशोक उइके ने जपतलाई आश्रम स्कूल का दौरा किया और उसका निरीक्षण किया। फिर उन्होंने मीडिया को बताया कि पांच लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की पूरी जांच चल रही है और दोषियों और संबंधित लोगों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।