Chandigarh: भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके जाने से हड़कंप, जांच के लिए SIT गठित

संगरूर BJP कार्यालय पर हमले से मचा हड़कंप, एसआईटी करेगी जांच

Update: 2026-07-27 09:45 GMT

चंडीगढ़: पंजाब के संगरूर स्थित भाजपा कार्यालय पर देर रात पेट्रोल बम से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में कार्यालय की दीवार का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है और भाजपा कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

पुलिस के अनुसार, घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने कांच की बोतल में पेट्रोल भरकर उसे भाजपा कार्यालय परिसर की ओर फेंका।

संगरूर के एसपी देवेंद्र अत्री ने बताया कि सोमवार सुबह कार्यालय पर बोतल फेंककर हमला किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद डीएसपी दलबीर सिंह और थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

जांच में पता चला कि पेट्रोल से भरी बोतल आउटडोर गार्डन की दीवार के ऊपर से फेंकी गई, जो इमारत के दो हिस्सों के बीच जाकर गिरी। मौके पर आग लगने के निशान भी मिले हैं।

पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, संगरूर भाजपा नेता रणदीप देओल ने बताया कि सोमवार सुबह केयरटेकर ने कार्यालय में आग लगने की सूचना दी और तस्वीरें भेजीं। इसके बाद उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल ढिल्लों को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

गौरतलब है कि इससे पहले 1 अप्रैल 2026 को चंडीगढ़ स्थित भाजपा मुख्यालय पर ग्रेनेड हमले की घटना भी सामने आ चुकी है।

Tags:    

Similar News