गुरदासपुर। पंजाब के गुरदासपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां 40 हजार रुपये के लेनदेन के विवाद को लेकर एक युवक की कथित तौर पर जहर देकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गांव होठियां निवासी 23 वर्षीय कर्मबीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात में युवक की मौसी प्रवीन कौर और मौसा सन्नी सिंह का नाम सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहरीली वस्तु से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कर्मबीर सिंह दिल्ली की एक निजी पेट्रोलियम कंपनी में काम करता था। उसके पिता सतपाल सिंह हलवाई का काम करते हैं। परिवार के मुताबिक कर्मबीर ने अपनी मौसी प्रवीन कौर और मौसा सन्नी सिंह को घर की मरम्मत के लिए 40 हजार रुपये उधार दिए थे। तय समय बीतने के बाद भी जब पैसे वापस नहीं मिले तो कर्मबीर लगातार अपने रुपये लौटाने की मांग कर रहा था।
बताया जा रहा है कि पैसे वापस करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते प्रवीन कौर और उसके पति सन्नी सिंह ने मिलकर कर्मबीर को रास्ते से हटाने की साजिश रची। 29 नवंबर 2024 को कर्मबीर सिंह यह कहकर घर से निकला था कि उसकी मौसी ने उसे बुलाया है। इसके बाद वह गांव भलोजला पहुंचा, जहां उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई।
अगले दिन प्रवीन कौर ने कर्मबीर के परिवार को फोन कर बताया कि उसकी हालत बिगड़ गई है। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल लेकर गए। परिजनों के अनुसार कर्मबीर बेहोशी की हालत में था। उसे ब्यास अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की अचानक मौत के बाद परिवार को शक हुआ कि उसके साथ कोई अनहोनी हुई है। परिजनों ने आशंका जताई कि उसे कोई जहरीली वस्तु खिलाई गई हो सकती है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और मामले की जांच शुरू की गई।
थाना वेरोवाल पुलिस ने 2 दिसंबर 2024 को इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट को आगे जांच के लिए एफएसएल लैब खरड़ भेजा गया। जांच रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि कर्मबीर सिंह की मौत जहरीली वस्तु के कारण हुई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या की दिशा में आगे बढ़ाते हुए कार्रवाई शुरू की।
पुलिस जांच में मृतक के पिता सतपाल सिंह के बयान अहम साबित हुए। उनके बयानों के आधार पर पुलिस ने प्रवीन कौर और उसके पति सन्नी सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
थाना वेरोवाल के प्रभारी सब इंस्पेक्टर अमृतपाल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पहले दर्ज की गई रिपोर्ट की कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
इस घटना के बाद इलाके में भी चर्चा का माहौल है। लोग रिश्तों के बीच हुए इस विवाद और युवक की मौत को लेकर हैरान हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की पूरी साजिश और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस फरार पति-पत्नी की तलाश में जुटी हुई है।