चंडीगढ़: साइबर अपराधियों ने ठगी का ऐसा जाल बिछाया कि केंद्रीय विद्यालय की एक सेवानिवृत्त शिक्षिका को अपनी जीवनभर की जमा पूंजी गंवानी पड़ी। चंडीगढ़ के सेक्टर-51 में रहने वाली शशि कोहली को साइबर ठगों ने करीब 30 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर रखा और उनसे 1 करोड़ 5 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। आरोपियों ने खुद को पुलिस, एटीएस और सीबीआई अधिकारी बताकर महिला को मनी लॉन्ड्रिंग तथा आतंकी गतिविधियों से जुड़े मामले में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद जांच के नाम पर महिला की एफडी तुड़वाई, सोना बिकवाया और पेंशन के आधार पर कर्ज तक लेने को मजबूर कर दिया।

आधार कार्ड से आतंकी गतिविधियों का कनेक्शन बताकर डराया
मामले की शुरुआत 30 सितंबर को सुबह 11 बजकर 43 मिनट पर आए एक फोन कॉल से हुई। फोन करने वाली महिला ने खुद को पुलिस विभाग से जुड़ा बताया। उसने दावा किया कि शशि कोहली के आधार कार्ड के जरिए जम्मू-कश्मीर में एक सिम कार्ड जारी हुआ है, जिसका इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों में किया गया है। यह सुनकर सेवानिवृत्त शिक्षिका घबरा गईं। इसके बाद ठगों ने उन्हें कथित चंडीगढ़ पुलिस के सीनियर इंस्पेक्टर दलवीर सिंह के नाम से बात कराई। फिर पुणे एटीएस और अन्य जांच अधिकारियों के नाम पर व्हाट्सएप वीडियो कॉल आने लगे। आरोपियों ने महिला को विश्वास दिलाया कि उनके खिलाफ गंभीर जांच चल रही है और किसी भी समय गिरफ्तारी हो सकती है। ठगों ने परिवार के सदस्यों को भी हिरासत में लिए जाने की धमकी दी।
फर्जी गिरफ्तारी वारंट भेजा, 30 दिनों तक डर के साये में रखा
महिला को अपने जाल में फंसाने के लिए साइबर अपराधियों ने फर्जी दस्तावेजों का सहारा लिया। आरोपियों ने कथित गिरफ्तारी वारंट, गोपनीयता समझौता और संपत्ति जब्ती आदेश भेजकर यह जताने की कोशिश की कि मामला किसी बड़ी जांच एजेंसी के पास है। इसके बाद महिला को निर्देश दिया गया कि जांच पूरी होने तक वह किसी से बातचीत नहीं करेंगी। उन्हें लगातार वीडियो कॉल के माध्यम से निगरानी में रहने और कैमरा बंद नहीं करने के लिए कहा गया। आरोपियों ने यह भी धमकी दी कि यदि उन्होंने किसी को जानकारी दी तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लगातार गिरफ्तारी और संपत्ति जब्त होने का डर दिखाकर ठगों ने महिला को लगभग एक महीने तक मानसिक दबाव में रखा।
एफडी तुड़वाई, सोना बिकवाया और पेंशन पर कर्ज भी दिलवाया
ठगी की इस वारदात में आरोपियों ने महिला की जमा पूंजी पर निशाना साधा। 8 अक्टूबर को कथित सीबीआई अधिकारी राहुल गुप्ता के नाम से उनसे संपर्क किया गया। आरोपियों ने कहा कि जांच के लिए महिला को अपनी पीपीएफ की रकम और सोने से संबंधित धनराशि भी जमा करानी होगी। जांच पूरी होने के बाद सारा पैसा वापस मिलने का भरोसा दिलाया गया। इस झांसे में आकर पीड़िता ने अपनी फिक्स्ड डिपॉजिट तुड़वाई और सोना बेचकर रकम जुटाई। इतना ही नहीं, आरोपियों के दबाव में उन्होंने अपनी पेंशन के आधार पर कर्ज भी लिया। आरोपियों ने रकम जमा कराने के लिए जिन बैंक खातों की जानकारी दी, उन्हें कथित सरकारी खाते बताया। महिला को यही विश्वास दिलाया जाता रहा कि उनका पैसा जांच प्रक्रिया के तहत सुरक्षित जमा किया जा रहा है।
दो बैंक खातों से ट्रांसफर कराए 1.05 करोड़ रुपये
साइबर अपराधियों ने 15 अक्टूबर से 29 अक्टूबर के बीच अलग-अलग बैंक खातों में बड़ी रकम ट्रांसफर करवाई। महिला के केनरा बैंक खाते से तीन बार में 28.65 लाख रुपये भेजे गए। इसके अलावा भारतीय स्टेट बैंक के खाते से करीब 76.82 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए।
बैंक शुल्क सहित ठगी की कुल रकम 1,05,47,188.80 रुपये बताई गई है।
आरोपी लगातार महिला के संपर्क में रहे और उन्हें भरोसा दिलाते रहे कि जांच पूरी होने के बाद पूरी राशि वापस कर दी जाएगी। इसी झूठे आश्वासन और गिरफ्तारी के डर के कारण महिला आरोपियों के निर्देशों का पालन करती रहीं। इस घटना ने एक बार फिर दिखाया है कि किस तरह साइबर ठग जांच एजेंसियों के नाम और फर्जी सरकारी दस्तावेजों का इस्तेमाल करके लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे हैं।
डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं, ऐसे बचें साइबर ठगी से
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, डिजिटल अरेस्ट नाम की कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है। पुलिस, सीबीआई, एटीएस या दूसरी जांच एजेंसियां किसी व्यक्ति को फोन अथवा वीडियो कॉल के जरिए इस तरह गिरफ्तार नहीं करतीं। किसी जांच के नाम पर बैंक खातों में रकम जमा करवाना, एफडी तुड़वाना या सोना बेचने का दबाव बनाना साइबर ठगी का गंभीर संकेत हो सकता है। यदि कोई अनजान व्यक्ति खुद को पुलिस अधिकारी बताकर मनी लॉन्ड्रिंग, गिरफ्तारी वारंट या परिवार को हिरासत में लेने की धमकी देता है, तो उसकी बातों में आकर पैसे ट्रांसफर नहीं करने चाहिए।
ऐसी स्थिति में तुरंत कॉल बंद करके संबंधित पुलिस विभाग से स्वतंत्र रूप से संपर्क करना चाहिए। साइबर ठगी होने पर राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 या आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। चंडीगढ़ की इस घटना में आरोपियों ने केवल आर्थिक नुकसान नहीं पहुंचाया, बल्कि लंबे समय तक महिला को भय और मानसिक दबाव में भी रखा। ऐसे मामलों में जागरूकता और समय पर शिकायत करना बेहद जरूरी है।
Tags: