SMPS , प्राइमरी विंग में गुरु पूर्णिमा पर गुरु-शिष्य परंपरा का हुआ भावपूर्ण उत्सव

Update: 2026-07-29 13:04 GMT

भीलवाड़ा । श्री महेश सेवा समिति द्वारा संचालित श्री महेश पब्लिक स्कूल, प्राइमरी विंग में बुधवार को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरु-शिष्य परंपरा का महत्व उजागर किया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया। श्री महेश सेवा समिति के निर्देशक एवं विद्यालय प्रभारी दिनेश शारदा ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत विकास परिषद, सुभाष शाखा के अध्यक्ष पंकज लोहिया थे। उनके साथ परिषद के पदाधिकारी, श्री महेश सेवा समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश नराणीवाल, सचिव राजेन्द्र कुमार कचौलिया तथा कोषाध्यक्ष राजेश बाहेती सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का पारंपरिक रूप से अक्षत, रोली एवं अपर्णा ओढ़ाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने गुरु पूर्णिमा की महत्ता पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए तथा गुरु वंदना पर आधारित नृत्य एवं गीतों से सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर विद्यालय के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में विद्यार्थियों के अभिभावक भी उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम का उत्साह और बढ़ गया।



 


मुख्य अतिथि एवं परिषद के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के साथ जीवन में निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। विद्यालय की प्रधानाचार्या निधि झा भार्गव ने गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गुरु का स्थान जीवन में सर्वाेच्च होता है तथा गुरु पूर्णिमा का पर्व भारतीय संस्कृति की गुरु-शिष्य परंपरा को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। समारोह को संबोधित करते हुए सचिव राजेन्द्र कुमार कचौलिया, कोषाध्यक्ष राजेश बाहेती तथा विद्यालय प्रभारी दिनेश शारदा ने गुरुजनों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों से अपने गुरुजनों के आदर्शों का अनुसरण करने तथा परिवार, विद्यालय और राष्ट्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर भाविप के सदस्यों ने सामाजिक नियमों एवं नागरिक कर्तव्यों के पालन की प्रेरणा स्वरूप सभी को शपथ दिलाई। साथ ही विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं शिक्षकों का अपर्णा ओढ़ाकर सम्मान किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Tags:    

Similar News