डॉ. जसवंत सिंह यादव के निधन पर शोक, जोगाराम पटेल और कन्हैया लाल चौधरी ने दी श्रद्धांजलि
अलवर में दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि देने पहुंचे राजस्थान सरकार के मंत्री
अलवर: बहरोड़ विधायक एवं राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री दिवंगत डॉ. जसवंत सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए प्रदेश सरकार के मंत्री और जनप्रतिनिधि अलवर स्थित उनके आवास पहुंचे। इस दौरान संसदीय कार्य तथा विधि एवं विधिक कार्य विभाग मंत्री जोगाराम पटेल, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग मंत्री कन्हैया लाल चौधरी तथा राज्यसभा सांसद डॉ. अल्का गुर्जर ने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
तीनों जनप्रतिनिधियों ने डॉ. जसवंत सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
श्रद्धांजलि देने पहुंचे जनप्रतिनिधियों में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री संजय शर्मा और रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह भी शामिल रहे। उन्होंने भी डॉ. जसवंत सिंह यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।