अलवर पंचायत चुनाव की काउंटिंग का पूरा शेड्यूल जारी, जानिए किसकी गिनती पहले होगी
11 पंचायत समितियों और जिला परिषद के नतीजों की तैयारी पूरी, अलवर में यहां होगी मतगणना
अलवर: जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि मतगणना की पूरी प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न कराई जाएगी। पहले चरण में पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन क्षेत्रों के मतों की गिनती होगी। इसके बाद जिला परिषद सदस्य पदों के लिए मतगणना शुरू की जाएगी।
दो चरणों में होगी मतों की गिनती
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से 11:30 बजे तक पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन क्षेत्रों के मतों की गणना की जाएगी। इसके बाद दोपहर 12:15 बजे से जिला परिषद सदस्य निर्वाचन क्षेत्रों के मतों की गिनती शुरू होगी। यह प्रक्रिया मतगणना पूरी होने तक जारी रहेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना कार्य में लगाए गए सरकारी कर्मचारियों को सुबह 7 बजे तक मतगणना स्थल पर पहुंचना अनिवार्य होगा। वहीं, चुनाव लड़ रहे अभ्यर्थियों और उनके गणना अभिकर्ताओं के लिए सुबह 6:30 बजे से प्रवेश शुरू कर दिया जाएगा।
डाक मतपत्रों की गणना उप महानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक द्वितीय के निर्देशन में कराई जाएगी।
11 पंचायत समितियों के लिए अलग-अलग कक्ष और टेबल
मतगणना को व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सभी 11 पंचायत समितियों के लिए अलग-अलग कक्ष और टेबल निर्धारित की हैं।
रामगढ़ के लिए कक्ष संख्या 27 में 8 टेबल, कठूमर के लिए कक्ष संख्या 1 में 11 टेबल, खेड़ली-सौंखर के लिए कक्ष संख्या 18 में 8 टेबल और गोविंदगढ़ के लिए कक्ष संख्या 9 में 8 टेबल लगाई जाएंगी।
इसी तरह मुबारिकपुर के लिए कक्ष संख्या 20 में 8 टेबल, रैणी के लिए कक्ष संख्या 4 में 11 टेबल, उमरैण के लिए कक्ष संख्या 101 में 11 टेबल और मालाखेड़ा के लिए कक्ष संख्या 103 में 11 टेबल निर्धारित की गई हैं।
लक्ष्मणगढ़ के लिए कक्ष संख्या 120 में 9 टेबल, राजगढ़ के लिए कक्ष संख्या 127 में 11 टेबल तथा थानागाजी के लिए कक्ष संख्या 118 में 11 टेबल पर मतगणना होगी।
अलग-अलग गेट से मिलेगी प्रवेश की अनुमति
मतगणना स्थल पर भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग-अलग श्रेणियों के लोगों के प्रवेश के लिए अलग-अलग द्वार तय किए गए हैं।
सरकारी कर्मचारियों को खेल मैदान के दक्षिणी द्वार यानी गेट नंबर 3 से प्रवेश मिलेगा। मतगणना से जुड़े अधिकारियों के लिए मुख्य प्रवेश द्वार गेट नंबर 2 निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों और उनके गणना अभिकर्ताओं को मैदान परिसर के गेट नंबर 4 से प्रवेश दिया जाएगा।
मीडियाकर्मियों के लिए महाविद्यालय के दक्षिणी दिशा में ओवरब्रिज के सामने स्थित गेट नंबर 1 निर्धारित किया गया है। पत्रकारों की सुविधा के लिए कमरा नंबर 31 में अलग से मीडिया कक्ष बनाया गया है।
वाहनों की पार्किंग के लिए भी अलग व्यवस्था
प्रशासन ने मतगणना स्थल पर वाहनों की आवाजाही और पार्किंग को लेकर भी विशेष व्यवस्था की है।
- सरकारी कर्मचारियों के वाहन गेट नंबर 3 के सामने खुले मैदान में खड़े होंगे।
- अधिकारियों के वाहनों के लिए गेट नंबर 2 के सामने खुला मैदान निर्धारित किया गया है।
- मीडियाकर्मियों के वाहन गेट नंबर 1 के सामने टेनिस कोर्ट में पार्क होंगे।
- अभ्यर्थियों और उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं के वाहनों की पार्किंग दशहरा मैदान में रहेगी।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि मतगणना के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो। 20 नवंबर को होने वाली मतगणना के बाद जिला परिषद और 11 पंचायत समितियों के सदस्य पदों के चुनाव परिणाम सामने आएंगे।