मोहनलाल सुखाड़िया की जयंती पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, जनसेवा के आदर्श अपनाने का आह्वान

Update: 2026-08-01 14:15 GMT

Bhilwara, भीलवाडा़ । राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं आधुनिक राजस्थान के निर्माता माने जाने वाले स्वर्गीय मोहनलाल सुखाड़िया की जयंती पर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) की ओर से सुखाड़िया सर्कल स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष शिवराम (जी.पी.) खटीक ने किया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर सुखाड़िया के योगदान को याद किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवराम खटीक ने कहा कि मोहनलाल सुखाड़िया ने राजस्थान में शिक्षा, सिंचाई, कृषि, सामाजिक न्याय और विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए। उनके दूरदर्शी नेतृत्व के कारण उन्हें आज भी आधुनिक राजस्थान के निर्माता के रूप में सम्मानपूर्वक याद किया जाता है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सुखाड़िया के आदर्शों पर चलते हुए जनसेवा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। इस अवसर पर शिवराम जी.पी. खटीक ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी जनआंदोलनों और चुनावी तैयारियों में पूरी एकजुटता और निष्ठा से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा प्रदेश और देश के समग्र विकास की आधारशिला है। एडवोकेट कुणाल ओझा ने कहा कि स्वर्गीय सुखाड़िया का जीवन सुशासन, विकास और जनकल्याण की प्रेरणा है।

उन्होंने किसानों, गरीबों, शिक्षा और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए जो कार्य किए, वे आज भी कांग्रेस की जनहितकारी विचारधारा को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य करते रहेंगे। कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसजन, पीसीसी सदस्य, ब्लॉक अध्यक्ष, अग्रिम संगठनों के जिलाध्यक्ष, मंडल एवं वार्ड अध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, पार्षद, पार्षद प्रत्याशी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से धर्मेंद्र पारीक, राधेश्याम भड़ाणा, हारून रंगरेज, सत्यवीर सिंह राठौड़, डॉ. फरियाद, योगेश सोनी, निसार सिलावट, चंद्रप्रकाश अमरवाल, गुडविन मसीहा, सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में शिवराम जी.पी. खटीक ने सभी उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस परिवार महापुरुषों के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।

Tags:    

Similar News