जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। बाड़ा पदमपुरा में 30 नवंबर से 9 दिसंबर तक कांग्रेस के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिवों का दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित होगा। शिविर का उद्घाटन कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे, जबकि समापन सत्र में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल होंगे।

कांग्रेस ने 19 नवंबर को 81 नए राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए हैं। इन सभी पदाधिकारियों को अलग-अलग राज्यों में सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारी संभालने से पहले उन्हें पार्टी की विचारधारा, नीतियों और राजनीतिक रणनीतियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

शिविर की तैयारियों की समीक्षा के लिए कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल 25 नवंबर को जयपुर पहुंचेंगे। वे आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नए राष्ट्रीय सचिवों को संगठन संचालन, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय, राजनीतिक गतिविधियों और पार्टी की नीतियों को प्रभावी तरीके से जनता के सामने रखने के गुर सिखाएंगे।

जयपुर के बाड़ा पदमपुरा में इससे पहले भी कांग्रेस के कई महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हो चुके हैं। वर्ष 2003 में यहां तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर हुआ था, जिसमें तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे।

कांग्रेस के 81 नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिवों में राजस्थान के छह नेता भी शामिल हैं। इनमें हेम सिंह शेखावत, रेहाना रियाज, धीरज गुर्जर, डूंगर राम गेदर, दानिश अबरार और जगदीश जांगिड़ शामिल हैं।

पार्टी का उद्देश्य प्रशिक्षण के माध्यम से नए पदाधिकारियों को राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियां प्रभावी ढंग से निभाने के लिए तैयार करना है।

Tags: