जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में पुलिस की गश्त व्यवस्था को अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए रविवार को 10 नए पेट्रोलिंग वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। पुलिस थाना करधनी (पश्चिम) परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने वाहनों का फ्लैग ऑफ किया।

इस अवसर पर मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में जयपुर पुलिस सराहनीय कार्य कर रही है। झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के 10 थानों को नए पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध कराए गए हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकता है।

जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि नए वाहनों से विभिन्न थाना क्षेत्रों में गश्त और निगरानी व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इससे अपराध नियंत्रण के साथ आपात परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की क्षमता भी बढ़ेगी।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर कानून एवं व्यवस्था डॉ. अजय सिंह, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर यातायात एवं प्रशासन प्रदीप मोहन शर्मा, उपायुक्त पश्चिम प्रशांत किरण सहित जयपुर पश्चिम जिले के पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tags: