Jaipur: सच पर बुलडोजर चलाने का आरोप, गहलोत ने भाजपा सरकार को घेरा

'सच पर बुलडोजर चलाया जा रहा है', भाजपा सरकार पर बरसे गहलोत

Update: 2026-07-24 10:52 GMT

जयपुर: पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के पेपर लीक को लेकर दिए गए दावों पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी पोस्ट में गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री यह दावा करते हैं कि उनके कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ, जबकि उन्हें यह कहना चाहिए कि किसी भी शिकायत की निष्पक्ष जांच नहीं होने दी गई, ताकि सच्चाई सामने न आ सके।

गहलोत ने आरोप लगाया कि देश की सबसे बड़ी परीक्षा नीट-यूजी के पेपर लीक का केंद्र राजस्थान बना था और लाखों विद्यार्थियों को इसका नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और पुलिस ने शिकायतों को दबाने का प्रयास किया, जबकि विद्यार्थियों की ओर से राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को शिकायत मिलने के बाद मामला सामने आया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में नवलगढ़ में आरएएस परीक्षा का प्रश्नपत्र खुले लिफाफे में मिलने, प्राध्यापक भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र खुली सील के साथ पहुंचने, जैसलमेर में एलडीसी भर्ती परीक्षा के दौरान कथित नकल प्रकरण तथा राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के तकनीकी अधिकारी पर ओएमआर शीट बदलने के आरोपों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन मामलों की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई।

गहलोत ने कहा कि सरकार अपने कार्यकाल की परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच से बच रही है, क्योंकि जांच होने पर एक भी पेपर लीक नहीं का दावा गलत साबित हो जाएगा। उन्होंने एसआई भर्ती परीक्षा का भी जिक्र करते हुए कहा कि सरकार सार्वजनिक रूप से भर्ती रद्द करने का श्रेय लेती रही, जबकि अदालत में भर्ती रद्द नहीं करने की सिफारिश भी सरकार की ओर से की गई थी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि जवाब मांगने वाले युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया।

कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए गहलोत ने कहा कि उस समय पेपर लीक माफिया के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई थी। उन्होंने दावा किया कि 400 से अधिक गिरफ्तारियां की गईं, माफिया की संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया गया, आरपीएससी सदस्य तक जेल भेजे गए तथा पेपर लीक के खिलाफ आजीवन कारावास, 10 करोड़ रुपये जुर्माना और संपत्ति जब्ती जैसे प्रावधान वाला सख्त कानून बनाया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जो भी कार्रवाई हो रही है, वह उसी कानून के तहत हो रही है।

पोस्ट के अंत में गहलोत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, फर्क साफ है। हमने माफिया की संपत्ति पर बुलडोजर चलाया था, आप सच पर बुलडोजर चला रहे हैं।

Tags:    

Similar News