स्थापना काल से पर्यावरण संरक्षण में अग्रणी संगम समूह: चेयरमैन रामपाल सोनी
Bhilwara, भीलवाडा़ । पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में संगम उद्योग समूह के एक लाख पौधे एवं पाँच हजार ट्री गार्ड वितरण अभियान ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। अभियान के प्रथम चरण में जिलेभर में 58,600 पौधों और 3,580 ट्री गार्ड का वितरण कर हजारों लोगों को हरियाली से जोड़ने का कार्य किया गया। अब अभियान का दूसरा चरण 5 अगस्त से शुरू होगा, जिसमें शेष आवेदकों को पौधे एवं ट्री गार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। अभियान को आमजन, विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं एवं सार्वजनिक स्थलों से उत्साहजनक सहयोग मिला। इस अवसर पर संगम उद्योग समूह के चेयरमैन रामपाल सोनी ने कहा कि समूह स्थापना काल से ही पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के लिए निरंतर कार्य करता रहा है। उन्होंने पौधे प्राप्त कर उनका रोपण एवं संरक्षण करने वाले सभी नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस हरित अभियान से जुड़कर भीलवाड़ा को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। पर्यावरणविद् बाबूलाल जाजू ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में जिलेभर में 58,600 पौधों एवं 3,580 ट्री गार्ड का वितरण किया गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पौध वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि पौधों के संरक्षण के माध्यम से पर्यावरण संतुलन स्थापित करना और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित वातावरण तैयार करना है। ट्री गार्ड वितरण प्रभारी हिम्मत पारीक एवं मुकेश अजमेरा ने बताया कि जिन विद्यालयों, संस्थाओं एवं नागरिकों के पौधों एवं ट्री गार्ड के लिए आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, उन्हें दूरभाष के माध्यम से सूचना देकर क्रमवार वितरण किया जाएगा। अभियान के अगले चरण को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पौधे भी मंगवाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि पौध एवं ट्री गार्ड वितरण अभियान का द्वितीय चरण 5 अगस्त से पुनः प्रारंभ होगा, जिसमें शेष आवेदकों को पौधे एवं ट्री गार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। अभियान की वितरण व्यवस्था में गुमान सिंह पीपाड़ा, दाताराम वर्मा, जमनालाल जोशी एवं विद्यासागर सुराणा ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।