जन्माष्टमी-गणेश चतुर्थी महोत्सव को यादगार बनाने में जुटी श्याम मंदिर समिति, सौंपी जिम्मेदारियां

Update: 2026-08-02 15:46 GMT

भीलवाडा़ । श्री श्याम मंदिर, काशीपुरी धाम में आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं श्री गणेश चतुर्थी महोत्सव के भव्य एवं सफल आयोजन को लेकर रविवार को मंदिर प्रांगण में मंदिर समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए महोत्सव की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की और विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक की अध्यक्षता मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेश पोद्दार ने की। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सेवा, संगठन और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। इन अवसरों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं, इसलिए सभी व्यवस्थाएं श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए की जानी चाहिए। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सेवा भाव, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को सुगम, सुरक्षित एवं दिव्य दर्शन का लाभ मिल सके। बैठक में दर्शन व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, प्रसाद वितरण, सुरक्षा, स्वच्छता, वाहन पार्किंग, यातायात प्रबंधन तथा स्वयंसेवकों की तैनाती सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। साथ ही महोत्सव को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और भक्तिमय वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने दोनों महोत्सवों को भव्य, अनुशासित एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराने का संकल्प लिया। मीडिया प्रभारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव की सभी तैयारियां चरणबद्ध तरीके से की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुचारु दर्शन व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे, जिससे बड़ी संख्या में आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होकर भगवान श्री श्याम, भगवान श्रीकृष्ण एवं श्री गणेशजी के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया।

Tags:    

Similar News