संगम समूह द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ी पहल, शुरू किया हरियाली का महाअभियान

Update: 2026-07-27 14:43 GMT

Bhilwara, भीलवाड़ा । पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने की दिशा में संगम उद्योग समूह ने लगातार 10वें वर्ष एक लाख पौधों एवं 5 हजार ट्री गार्ड वितरण का महाअभियान शुरू किया है। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देना तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण के लिए ट्री गार्ड उपलब्ध कराना है। शुभारंभ पर मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने कहा कि संगम उद्योग समूह द्वारा पौधे एवं ट्री गार्ड उपलब्ध कराने का कार्य भीलवाड़ा में हरियाली बढ़ाने और प्रदूषण कम करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने जिले के अन्य उद्योग समूहों से भी हरियाली बढाकर प्रदूषण कम करने का आव्हान किया। अध्यक्षता करते हुए पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने कहा प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए तो पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। समूह के अध्यक्ष रामपाल सोनी ने अतिथियों को मनी प्लांट का गमला भेंट कर स्वागत किया एवं आमजन से अधिक से अधिक पौधारोपण कर भीलवाडा को हरा भरा बनाने की अपील की। पौधा वितरण अभियान के प्रभारी बाबूलाल जाजू ने बताया कि अभियान के प्रथम दिवस 7460 पौधों एवं 415 ट्री गार्ड का वितरण किया गया। पौधा वितरण में मुकेश अजमेरा, गुमान सिंह पीपाड़ा, जमनालाल जोशी एवं विद्यासागर सुराणा का विशेष सहयोग रहा। समूह के वाइस चेयरमैन एस.एन. मोदानी ने बताया कि पौधे एवं ट्री गार्ड प्रतिदिन प्रातः 8 से 10 बजे तक आम नागरिकों तथा 10 से 12 बजे तक विद्यालयों एवं धार्मिक स्थलों को वितरित किए जाएंगे।

ट्री गार्ड के लिए आवेदन पत्र हिम्मत पारीक से प्रतिदिन प्रातः 8 बजे सोनी अस्पताल परिसर में प्राप्त किए जा सकते हैं। समूह के अनुराग सोनी ने बताया कि उद्योगपति पीएम बेसवाल, गोपाल राठी, लादूराम बांगड़, डीपी मंगल, कैलाश कोठारी, राधेश्याम चेचानी, अशोक बाहेती, वीके सोडानी, ममता मोदानी सहित अनेक समाजसेवीयों को तुलसी के गमले भेंट किये। समूह के पदाधिकारियों ने बताया कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन एवं हरित क्षेत्र में लगातार आ रही कमी को देखते हुए यह विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। इसके तहत विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं, ग्राम पंचायतों, धार्मिक स्थलों एवं विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर पौधों का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। साथ ही जिन स्थानों पर पौधों की सुरक्षा आवश्यक होगी, वहां ट्री गार्ड भी उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि पौधे सुरक्षित रहकर वृक्ष का रूप ले सकें। समूह के सदस्यों ने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक वर्ग इस अभियान से जुड़ेगा तो आने वाले समय में भीलवाड़ा सहित आसपास का क्षेत्र अधिक हराभरा और स्वच्छ बन सकेगा।

Tags:    

Similar News