तमिलनाडु में नीट के खिलाफ प्रदर्शन, छात्रों और वाम संगठनों ने की शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
Tamil Nadu तमिलनाडु। नीट परीक्षा को समाप्त करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर तमिलनाडु के विलुप्पुरम में छात्रों और वामपंथी संगठनों ने धरना प्रदर्शन का ऐलान किया है। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शन स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है। प्रशासन ने 200 से अधिक सुरक्षाकर्मियों, वाहनों और आपातकालीन टीमों को तैनात किया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
प्रदर्शनकारी छात्रों और संगठनों की मुख्य मांग नीट परीक्षा को खत्म करना और परीक्षा प्रणाली में सुधार करना है। उनका कहना है कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में पारदर्शिता और समान अवसर सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। वाम संगठनों ने भी छात्रों के समर्थन में आंदोलन में शामिल होने की घोषणा की है। संगठनों का कहना है कि यह प्रदर्शन छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर किया जा रहा है।
प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन की अनुमति है, लेकिन कानून व्यवस्था बिगाड़ने या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। तमिलनाडु में लंबे समय से नीट परीक्षा को लेकर राजनीतिक और सामाजिक बहस जारी है। राज्य सरकार और कई संगठन पहले भी नीट को लेकर विरोध दर्ज करा चुके हैं। विलुप्पुरम में होने वाले इस प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह अलर्ट पर रखा है।