चेन्नई: शुक्रवार रात चेन्नई के उपनगरीय इलाकों में गरज-चमक के साथ हुई भारी बारिश के कारण चेन्नई हवाई अड्डे पर उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ, जिसमें 10 उड़ानों का आगमन और 12 उड़ानों का प्रस्थान शामिल है।
कोलकाता से आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान, जिसमें 194 यात्री सवार थे, चेन्नई में लैंड न कर पाने के कारण कोयंबटूर की ओर मोड़ दी गई। वहीं, कोलकाता से आ रही इंडिगो की एक उड़ान, जिसमें 162 यात्री सवार थे, उसे तिरुचिरापल्ली (तिरुची) की ओर मोड़ दिया गया।
दिल्ली, हैदराबाद, बेंगलुरु, कोयंबटूर और श्रीलंका समेत अन्य जगहों से आ रही 8 अन्य उड़ानों को लैंडिंग के लिए अनुकूल मौसम का इंतजार करते हुए काफी देर तक हवा में ही चक्कर लगाने पड़े।
बाद में, जब मौसम में सुधार हुआ और बारिश कम हुई, तो ये उड़ानें एक-एक करके चेन्नई में उतरीं।
इसके अलावा, मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता, मदुरै, थूथुकुडी, तिरुचिरापल्ली और श्रीलंका जाने वाली 12 उड़ानें भी एक घंटे तक की देरी से रवाना हुईं।