कांवड़ यात्रा में अनोखा संकल्प, नुकीली कीलों पर दंडवत कर रहे भक्त

Update: 2026-08-02 09:39 GMT

बुलंदशहर। भगवान शिव के प्रति आस्था और भक्ति के कई अनोखे रूप देखने को मिलते हैं। सावन और महाशिवरात्रि के अवसर पर देशभर में शिव भक्त अलग-अलग तरीके से अपनी श्रद्धा प्रकट करते हैं। इसी कड़ी में अलीगढ़ के एक शिव भक्त संजय की भक्ति चर्चा का विषय बनी हुई है। संजय लोहे की नुकीली कीलों पर दंडवत होकर कांवड़ यात्रा कर रहे हैं। उनकी इस कठिन साधना को देखकर लोग हैरान हैं और उनकी आस्था की सराहना कर रहे हैं।

रामघाट गंगा तट पर आयोजित महाशिवरात्रि मेले में बड़ी संख्या में शिव भक्त पहुंच रहे हैं। इसी दौरान अलीगढ़ के ग्राम जारोठी निवासी कांवड़िया संजय ने अपनी अनोखी यात्रा शुरू की। उन्होंने लोहे की कीलों पर दंडवत करते हुए गंगा जल लेकर अपनी कांवड़ यात्रा प्रारंभ की। संजय की इस भक्ति को देखने के लिए आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई।

बताया गया कि संजय ने रामघाट गंगा तट पर पहुंचकर पहले गंगा स्नान किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए कीलों पर दंडवत यात्रा शुरू की। संजय का कहना है कि वह अपनी इस यात्रा के माध्यम से भगवान शिव को प्रसन्न करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि वह 11 तारीख को अपने गांव के शिव मंदिर में गंगाजल से जलाभिषेक करेंगे।

महाशिवरात्रि मेले में लगातार शिव भक्तों का आगमन जारी है। मेले के तीसरे दिन मथुरा, वृंदावन और आगरा समेत कई स्थानों से कांवड़ यात्री रामघाट गंगा तट पहुंचे। श्रद्धालु गंगा जल लेकर अपने-अपने शिवालयों की ओर रवाना हो रहे हैं। हर तरफ भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

प्रशासन ने कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गंगा घाट पर विशेष इंतजाम किए हैं। घाट पर रोशनी की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, मोटर वोट, गोताखोरों की तैनाती और बैरिकेटिंग की गई है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं ताकि किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े।

वहीं कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस भी पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। खुर्जा क्षेत्र में पुलिस की सीसीटी टीम ने कांवड़ यात्रियों की सेवा करते हुए उन्हें फल, ठंडा पानी और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की। पुलिसकर्मियों द्वारा की गई इस सेवा की कांवड़ यात्रियों ने भी सराहना की।

कोतवाली प्रभारी रामफल सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कांवड़ मार्गों पर पुलिस टीमों की तैनाती की गई है और यात्रियों की हर संभव मदद की जा रही है।

गाजियाबाद-अलीगढ़ हाईवे स्थित गांव अगवाल कट पर पुलिस टीम ने कांवड़ियों को फल और पेयजल उपलब्ध कराया। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों ने यात्रियों को स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े जरूरी सुझाव भी दिए। अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।

कांवड़ मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन की कोशिश है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल मिले और वे बिना किसी परेशानी के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें। वहीं संजय जैसे भक्तों की अनोखी शिवभक्ति लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। उनकी कठिन यात्रा यह दिखाती है कि श्रद्धालुओं के मन में भगवान शिव के प्रति कितनी गहरी आस्था और विश्वास है।

Tags:    

Similar News