नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा में खरीदारी कर घर लौट रही एक महिला से दो युवकों ने धोखाधड़ी कर सोने के जेवरात ठग लिए। आरोपियों ने महिला को नोटों से भरा बैग देने का झांसा दिया और बदले में उसकी सोने की चेन व कुंडल ले लिए। घर पहुंचने पर महिला को पता चला कि बैग में रखे नोट नकली हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना ईकोटेक-3 के प्रभारी निरीक्षक मुनेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि महागुन मंत्रा सोसाइटी निवासी प्रवीण कुमार सिंह पुत्र अरुण प्रताप ने बुधवार रात थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत के अनुसार, प्रवीण कुमार की पत्नी पिंकी सिंह घरेलू सामान खरीदने के लिए बाजार गई थीं। खरीदारी के बाद जब वह सोसाइटी लौट रही थीं, तभी रास्ते में दो युवक उनसे मिले। दोनों ने बातचीत शुरू की और अपनी बातों में उलझाकर उन्हें बैग में रखी नोटों की गड्डियां दिखाईं।

आरोप है कि युवकों ने महिला को नोटों से भरा बैग देने का लालच देकर उनकी सोने की चेन और कुंडल ले लिए। इसके बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए।

महिला जब घर पहुंचीं और बैग में रखे नोटों की जांच की तो वे नकली निकले। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की।

थाना प्रभारी मुनेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

फिलहाल दोनों आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश के संबंध में पुलिस की ओर से कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी गई है।

Tags: