RPF कर्मियों पर कार्रवाई, डिप्टी स्टेशन अधीक्षक से विवाद मामले में चार सस्पेंड

Update: 2026-07-12 15:48 GMT

Agra आगरा :  आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर रविवार को मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। स्टेशन पर तैनात आरपीएफ कर्मियों और डिप्टी स्टेशन अधीक्षक के बीच हुए विवाद के बाद प्लेटफॉर्म पर हंगामा मच गया। आरोप है कि आरपीएफ कर्मियों ने डिप्टी स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र सिंह चाहर के साथ मारपीट की और उन्हें प्लेटफॉर्म से घसीटते हुए थाने ले जाने लगे। घटना के बाद यात्रियों में अफरातफरी की स्थिति बन गई।मामले के तूल पकड़ने के बाद रेलवे कर्मचारियों ने प्लेटफॉर्म पर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी आरपीएफ कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। रेलवे प्रशासन ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए चार आरपीएफ कर्मियों को निलंबित कर दिया है। इनमें एएसआई मेघराज मीणा, एएसआई बालकिशन, कांस्टेबल जितेंद्र और कांस्टेबल बदन सिंह शामिल हैं। साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है।

महिला यात्री को ट्रेन में चढ़ाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, घटना रविवार को आगरा कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक की है। बताया जा रहा है कि हीराकुंड एक्सप्रेस के आगमन के दौरान यह विवाद हुआ। रेलवे कर्मचारियों के मुताबिक, लुधियाना से यात्रा कर रही महिला यात्री रंजीता राव स्टेशन पर पेठा खरीदने के लिए ट्रेन से उतर गई थींइसी दौरान पेठा खरीदते समय खुले पैसे मिलने में देरी हो गई और महिला यात्री की ट्रेन चलने लगी। महिला ने डिप्टी स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र सिंह चाहर से ट्रेन रुकवाने का अनुरोध किया। इसके बाद डिप्टी स्टेशन अधीक्षक ने गार्ड को सूचना देकर ट्रेन को कुछ समय के लिए रुकवाया, जिससे महिला यात्री सुरक्षित रूप से वापस ट्रेन में सवार हो सके।

आरपीएफ कर्मियों ने समझा चेन पुलिंग का मामला

बताया जा रहा है कि इसी दौरान मौके पर पहुंचे आरपीएफ कर्मियों ने ट्रेन रुकने को चेन पुलिंग का मामला समझ लिया। डिप्टी स्टेशन अधीक्षक ने उन्हें पूरी स्थिति समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।रेलवे कर्मचारियों का आरोप है कि आरपीएफ कर्मियों ने डिप्टी स्टेशन अधीक्षक के साथ मारपीट की और उन्हें जबरन घसीटते हुए थाने ले गए। प्लेटफॉर्म पर इस तरह की घटना देखकर यात्रियों की भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

दोनों पक्षों ने लगाए आरोप

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी भी प्लेटफॉर्म पर पहुंच गए और उन्होंने विरोध जताते हुए आरोपी आरपीएफ कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।रेलवे कर्मचारियों का कहना है कि एक अधिकारी के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे कर्मचारियों में रोष है। वहीं, आरपीएफ कर्मियों की ओर से भी डिप्टी स्टेशन अधीक्षक पर मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं। फिलहाल दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।रेलवे अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। तीन सदस्यीय समिति पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News