बागपत: अखबार बेचने की मजबूरी और कड़े संघर्षों से उठकर लाखों जिंदगियों में अवसर और डिजिटल क्रांति का उजाला फैलाने वाले बागपत के युवा अमन कुमार ने एक बार फिर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर प्रदेश का मान बढ़ाया है। दुनियाभर में बाल अधिकारों और युवा सशक्तिकरण के लिए कार्यरत संयुक्त राष्ट्र की प्रतिष्ठित संस्था यूनिसेफ ने अमन के असाधारण सामाजिक योगदान, नवाचारों और विशिष्ट उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें भारत की शीर्ष युवा सलाहकार परिषद यंग पीपल्स एक्शन टीम में शामिल कर यूनिसेफ-युवा मंच का राष्ट्रीय सलाहकार चुना है।
यूनिसेफ हाउस, नई दिल्ली की वरिष्ठ अधिकारी नम्रता गोगोई द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, देशभर से प्राप्त 6,000 से अधिक प्रस्तावित नामों के बीच कड़े मूल्यांकन एवं साक्षात्कार की चयन प्रक्रिया के उपरांत उत्तर प्रदेश से अमन का यह चयन उनके वर्षों के जमीनी कार्यों और अनुभवों के आधार पर किया गया है। वर्तमान में माय भारत के युवा स्वयंसेवक अमन इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय से समाज कार्य का अध्ययन कर रहे हैं। इस नई भूमिका में अमन यह सुनिश्चित करेंगे कि अपने अखबार बेचने से लेकर सामाजिक नवाचार तक के अनुभवों के आधार पर संयुक्त राष्ट्र एवं सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को इस प्रकार से आकार मिले जिसमें ग्रामीण युवाओं की भागीदारी बढ़े।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव द्वारा वैश्विक स्तर पर संचालित जनरेशन अनलिमिटेड का भारतीय स्वरूप युवा मंच है। यह मंच भारत के करोड़ों युवाओं को कौशल विकास, आर्थिक अवसरों और सामाजिक बदलाव से जोड़ने का कार्य करता है। इसकी सर्वोच्च सलाहकार समिति में शामिल होने के बाद अमन अब देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित होने वाली उन उच्चस्तरीय बैठकों में हिस्सा लेंगे, जहाँ भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, कॉर्पोरेट जगत और यूएन एजेंसियां एक साथ मिलकर राष्ट्रीय युवा नीतियों, कार्यक्रमों और अभियानों का खाका खींचती हैं। अपनी इस नई भूमिका के जरिए अमन यह सुनिश्चित करेंगे कि वर्ष 2030 तक संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप देश का हर युवा शिक्षा, कौशल या बेहतर करियर से जुड़ सके।
बागपत जिले के ट्योढ़ी गांव के निवासी अमन कुमार की खुद की राह बेहद संघर्ष भरी रही। बागपत के गांवों में पढ़ाई के साथ कभी साइकिल पर अखबार बांटने से लेकर फैक्ट्री में मजदूरी करने तक, अमन ने बहुत करीब से देखा कि कैसे गांव-देहात के अनगिनत प्रतिभावान बच्चे प्रतिभा होने के बावजूद केवल सही समय पर सही जानकारी और अवसर न मिलने के कारण पढ़ाई छोड़कर मजदूरी करने, बेरोजगारी, नशे, आत्मविश्वास की कमी और गंभीर मानसिक तनाव से जूझने को मजबूर हो जाते है। अमन ने समझा कि इस डिजिटल युग में सही समय पर सूचना न मिलना ही सबसे बड़ी असमानता और गरीबी है जो किसी भी युवा से उसकी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने का मौलिक अधिकार छीन लेती है। यहीं से अमन के जीवन का वह मिशन शुरू हुआ कि सूचना के अभाव में गांव का कोई भी युवा पीछे न छूटे। यूनिसेफ ने अमन के इसी मिशन को अब राष्ट्रीय पहचान दी है।
सूचना और अवसरों की विशाल खाई को पाटने के लिए अमन ने माय भारत के सहयोग से उड़ान यूथ क्लब और कॉन्टेस्ट 360 प्लेटफॉर्म की शुरुआत की। देखते ही देखते इस नवाचार ने देश भर के 88 लाख से अधिक युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अवसरों से सीधे जोड़ दिया। इसके अलावा, अमन ने बागपत जिला प्रशासन और सूचना विभाग के साथ मिलकर स्वैच्छिक रूप से सूचना सेतु, स्वीप बागपत और कांवड़ यात्रा ऐप जैसे डिजिटल नवाचारों को धरातल पर उतारा ताकि आम नागरिक अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं से वंचित न रहें।
इस ऐतिहासिक जिम्मेदारी पर अमन कुमार का कहना है कि उनकी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना रहेगी कि गांव-समाज के सबसे अंतिम पायदान पर खड़े वंचित युवाओं की आवश्यकताओं को राष्ट्रीय नीतियों में उचित प्रतिनिधित्व और प्राथमिकता मिले। युवाओं को जनपद व राष्ट्र के विकास में भागीदारी के निरंतर अवसर, विश्वास और सहयोग मिले तथा नीतियां एवं योजनाएं ग्रामीण युवाओं की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखकर बनें ताकि देशभर के युवाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा मिले और कोई भी युवा पीछे न छूटे।
अमन के इस राष्ट्रीय चयन पर जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी, जिला युवा अधिकारी अनिकेत शर्मा, शिक्षाविद डॉ. सत्यवीर सिंह, अभय नाथ मिश्र सहित जनपद के प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी है।
पुरस्कार एवं उपलब्धियां
- विवेकानंद राज्य युवा पुरस्कार, उप्र सरकार
- इंडियाज मोस्ट वैल्यूएबल यू-रिपोर्टर, यूनिसेफ
- यूथ चैंपियन पुरस्कार, आई वॉलंटियर इंडिया
- चेंजिंग चाॅक्स अवार्ड, ऋषिहुड यूनिवर्सिटी
- यूनेस्को की रिपोर्ट में अंतर्राष्ट्रीय पहचान
- यूनेस्को ग्लोबल यूथ कम्यूनिटी में सदस्य
- यूनेस्को एमआईअल अलायंस में सदस्य
- यूनेस्को आईपीएल नेटवर्क में सदस्य
- संचार प्रमुख, सत्यार्थी यूथ नेटवर्क
- राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक, माय भारत
- टीम यूपी के विकसित भारत यूथ कैप्टन
- उप्र विधानसभा में यूथ आइकॉन सम्मान
- यूथ एम्बेसडर, माय गवर्नमेंट इंडिया
- चैप्टर समन्वयक, क्लाइमेट कार्डिनल्स
- अध्यक्ष, उड़ान यूथ क्लब, इंडिया
- कोर टीम, सूचना मित्र नेटवर्क, बागपत

Tags: