उत्तर प्रदेश: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार बांदा मंडल के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। बांदा के सेंट जेवियर्स कॉलेज के छात्र अभय सिंह और सेंट मैरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र देवांशु मिश्रा ने 98-98 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से मंडल में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
सीबीएसई की ओर से मुख्य परीक्षा और दूसरी परीक्षा के अंकों को मिलाकर अंतिम परिणाम जारी किया गया है। परिणाम घोषित होते ही सफल छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों में खुशी का माहौल है। अभय सिंह और देवांशु मिश्रा की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन और परिवार के लोगों ने खुशी जाहिर की है।
सेंट जेवियर्स कॉलेज के छात्र अभय सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, स्वाध्याय और परिवार व शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। अभय ने बताया कि मेहनत और समय प्रबंधन के कारण वह बेहतर परिणाम हासिल कर सके। उन्होंने अपनी सफलता के पीछे पिता भूपेंद्र सिंह, माता कांति सिंह और विद्यालय के शिक्षकों के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।
वहीं, सेंट मैरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र देवांशु मिश्रा ने भी 98 प्रतिशत अंक हासिल कर मंडल में पहला स्थान प्राप्त किया है। देवांशु ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता डॉ. प्रत्युष मिश्रा, माता आलोपिता मिश्रा और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि लगातार मेहनत और पढ़ाई के प्रति समर्पण से यह उपलब्धि हासिल हुई है।
सेंट जेवियर्स कॉलेज के कई अन्य छात्रों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। विद्यालय की छात्रा समृद्धि श्रीवास्तव ने 96.4 प्रतिशत अंक हासिल किए। दिव्यांजलि ने 95.8 प्रतिशत, कुमारी पायल ने 95.20 प्रतिशत, सुरभि प्रजापति ने 95 प्रतिशत, उद्धव अवस्थी ने 94.4 प्रतिशत और सिद्धि शर्मा ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
इसके अलावा क्षितिज विश्वकर्मा ने 93.4 प्रतिशत, अनामिका निषाद ने 92.5 प्रतिशत, सौम्या अनुरागी ने 92.4 प्रतिशत, अवनी सिंह और दिव्यांशी श्रीवास्तव ने 92 प्रतिशत अंक हासिल किए। श्रेष्ठ यादव ने 91.4 प्रतिशत, आयुष यादव ने 91.2 प्रतिशत, सौम्या कुशवाहा ने 91 प्रतिशत और कई अन्य छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
सेंट मैरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों ने भी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। यहां की छात्रा आराध्या गुप्ता, अनंत कसौंधन और गुरुशरन गुप्ता ने 97-97 प्रतिशत अंक हासिल किए। वहीं अरनव आनंद चौबे और गुलाब मिश्रा ने 96.4-96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
इसके अलावा आराध्या सिंह ने 96.2 प्रतिशत, प्रियांश मिश्रा ने 95.8 प्रतिशत, आकाश रत्नम ने 95.6 प्रतिशत, ऋतिका गुप्ता ने 95.4 प्रतिशत और कृतिका सिंह व शशांक गुप्ता ने 95.2-95.2 प्रतिशत अंक हासिल किए। आराध्या बाजपेई और अग्रिमा कौशल ने भी 94.8-94.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की।
छात्रों की इस उपलब्धि पर दोनों विद्यालयों में खुशी का माहौल रहा। सेंट जेवियर्स कॉलेज के निदेशक नवल किशोर चौधरी, निर्देशिका मीरा चौधरी और प्रधानाचार्य रीना सिंह समेत सभी शिक्षकों ने सफल विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं, सेंट मैरी स्कूल के फादर डेविड जेम्स और शिक्षकों ने भी मेधावी छात्रों को शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों ने कहा कि छात्रों की मेहनत, अनुशासन और परिवार के सहयोग के कारण यह सफलता मिली है।
CBSE 10वीं के परिणाम ने एक बार फिर साबित किया है कि छोटे शहरों के छात्र भी अपनी मेहनत और लगन से बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। अभय सिंह और देवांशु मिश्रा की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है। उनकी इस उपलब्धि से बांदा मंडल का नाम शिक्षा के क्षेत्र में और मजबूत हुआ है।