CM योगी आदित्यनाथ ने सरकारी आवास पर किया ध्वजारोहण
उत्तर प्रदेश , लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) के जरिए स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि है और सभी नागरिकों को देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से देशहित में अपना योगदान देने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने की अपील की।देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश में हर्षोल्लास और देशभक्ति का माहौल है। इस ऐतिहासिक अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्य विपक्षी दल के नेता अखिलेश यादव ने प्रदेश व देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सीएम योगी ने ध्वजारोहण किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि प्रदेश वासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। स्वतंत्रता का यह पावन पर्व मां भारती के गौरव, अमर बलिदानियों के अमिट त्याग और राष्ट्र के स्वाभिमान का प्रतीक है। मातृभूमि की रक्षा हेतु अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात वीरों को कोटि-कोटि नमन। आइए, अमर बलिदानियों के त्याग और समर्पण से प्रेरणा लेकर 'राष्ट्र प्रथम' की भावना को आत्मसात करें तथा कर्तव्यनिष्ठा और जनभागीदारी के माध्यम से 'विकसित भारत' एवं 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के संकल्प की सिद्धि में अपना योगदान दें। जय हिंद।
दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव ने भी स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा पर बल दिया।अखिलेश यादव ने अपने एक्स (X) संदेश में लिखा कि स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं संविधान से ही स्वाधीनता है। आइए हम सब मिलकर इस स्वतंत्रता दिवस पर संविधान की रक्षा एवं निरंतरता का संकल्प लें।