बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली क्षेत्र के बहेरी इलाके में शराब के नशे में धुत बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पति को भी चोट आई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बहेरी निवासी नौशाद आलम बेडशीट बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनकी पत्नी चांदनी खातून अपने दो छोटे बच्चों की देखभाल करती हैं। उनके एक बच्चे की उम्र करीब दो साल है, जबकि दूसरा बच्चा अभी सिर्फ 12 दिन का है।
बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर नौशाद अपने परिवार के साथ घर में आराम कर रहे थे। इसी दौरान उनका बड़ा भाई जुनैद कथित तौर पर शराब के नशे में चाकू लेकर घर में पहुंच गया। घर में आते ही उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। आवाज सुनकर नौशाद की नींद खुल गई और उन्होंने जुनैद को रोकने की कोशिश की।
आरोप है कि जुनैद ने गुस्से में आकर छोटे भाई की पत्नी चांदनी खातून पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से परिवार में चीख-पुकार मच गई। नौशाद ने अपने बच्चों और पत्नी को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान हमलावर ने नौशाद पर भी हमला करने की कोशिश की, जिससे उनके गर्दन पर चाकू की हल्की चोट लग गई।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और किसी तरह स्थिति को संभाला। घायल चांदनी खातून को परिजन तुरंत जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
नौशाद ने पुलिस को बताया कि उनका बड़ा भाई जुनैद ई-रिक्शा चलाता है और शराब पीने का आदी है। आरोप है कि वह अक्सर शराब के नशे में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गाली-गलौज करता रहता है। इसके अलावा वह कई बार छोटे भाई नौशाद और उसके परिवार के साथ भी विवाद कर चुका है।
नौशाद का कहना है कि जुनैद को कई बार समझाया गया था कि वह शराब पीकर घर में हंगामा न करे, लेकिन उसकी हरकतों में सुधार नहीं आया। उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले भी जुनैद के लगातार विवाद और गाली-गलौज करने पर पुलिस को सूचना दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन समझाने के बाद मामला शांत हो गया था।
घटना वाले दिन नौशाद के घर में बच्चे के 12 दिन पूरे होने के कारण पारिवारिक कार्यक्रम भी था। परिवार के लोग साफ-सफाई और अन्य कामों के बाद आराम कर रहे थे। इसी दौरान जुनैद अचानक घर में घुस आया और विवाद शुरू हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी जुनैद को चंद्रशेखरनगर पुलिस चौकी में हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। चौकी प्रभारी समरेंद्र मिश्र ने बताया कि पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आरोपी की पृष्ठभूमि और घटना के कारणों की भी जांच कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब के नशे में होने वाली हिंसक घटनाओं पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।