उत्तर प्रदेश: भारतीय रेलवे ने ट्रेन यात्रियों के लिए एक बड़ी सुविधा शुरू की है। अब यात्रियों को ट्रेन में अतिरिक्त सामान ले जाने के लिए रेलवे स्टेशन के पार्सल काउंटर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। रेलवे ने पर्सनल लगेज की ऑनलाइन बुकिंग सुविधा शुरू कर दी है। यात्री अब घर बैठे ही अपने कन्फर्म टिकट के साथ अतिरिक्त सामान का पंजीकरण और भुगतान कर सकेंगे। इस सुविधा के लिए विस्तृत यूजर मैनुअल भी IRCTC की वेबसाइट पर जारी किया गया है।
रेलवे की इस नई सुविधा से खासतौर पर उन यात्रियों को फायदा मिलेगा, जो सफर के दौरान तय सीमा से ज्यादा सामान लेकर यात्रा करते हैं। पहले अतिरिक्त सामान की बुकिंग के लिए यात्रियों को स्टेशन के पार्सल कार्यालय जाना पड़ता था, जहां लंबी कतारों और समय की परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब यह प्रक्रिया ऑनलाइन होने से यात्रियों का समय बचेगा और यात्रा भी आसान होगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, क्रिस और IRCTC ने पार्सल पोर्टल को आपस में जोड़कर ऑनलाइन लगेज बुकिंग सिस्टम को लाइव कर दिया है। यात्री IRCTC की वेबसाइट पर लॉगिन करने के बाद ट्रेन सेक्शन में जाकर लगेज बुकिंग विकल्प का इस्तेमाल कर सकते हैं।
ऑनलाइन लगेज बुकिंग के लिए यात्रियों को सबसे पहले अपना 10 अंकों का मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद मोबाइल पर आए ओटीपी और कैप्चा कोड के जरिए लॉगिन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। यात्री को अपनी ईमेल आईडी भी दर्ज करनी होगी, ताकि बुकिंग से जुड़ी सभी जानकारी उन्हें मिल सके।
इसके बाद यात्री को अपने कन्फर्म टिकट का 10 अंकों वाला पीएनआर नंबर दर्ज करना होगा। सिस्टम में यात्रा से जुड़ी जानकारी आने के बाद यात्री को अपना पहचान पत्र चुनकर उसका नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद स्क्रीन पर यात्रा श्रेणी के अनुसार सामान ले जाने की मुफ्त सीमा यानी फ्री अलाउंस दिखाई जाएगी।
यात्री को अपने अतिरिक्त सामान की जानकारी देनी होगी। इसमें सामान का प्रकार, पैकेज की संख्या और अतिरिक्त वजन किलोग्राम में दर्ज करना होगा। इसके बाद रेलवे सिस्टम खुद सामान के वजन के हिसाब से किराया और जीएसटी जोड़कर कुल शुल्क दिखाएगा। भुगतान पूरा होने के बाद यात्री को एक लगेज टिकट नंबर जारी किया जाएगा। इसकी जानकारी ईमेल और मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से भेजी जाएगी।
हालांकि, रेलवे ने कुछ श्रेणियों में पुराने नियमों को बरकरार रखा है। थ्री-एसी, एसी इकोनामी और एसी चेयरकार श्रेणी में अधिक वजन वाले सामान की बुकिंग की सुविधा अभी उपलब्ध नहीं होगी। इन श्रेणियों में पहले की तरह निर्धारित सामान सीमा के नियम लागू रहेंगे। वहीं, स्लीपर समेत अन्य श्रेणियों के यात्रियों को ऑनलाइन लगेज बुकिंग की सुविधा मिलेगी।
रेलवे का मानना है कि डिजिटल सुविधा बढ़ाने से यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा और पार्सल कार्यालयों पर भीड़ कम होगी। इससे रेलवे की सेवाएं अधिक पारदर्शी और आसान बनेंगी। ऑनलाइन टिकटिंग के बाद अब लगेज बुकिंग की यह सुविधा भी यात्रियों के लिए डिजिटल रेलवे की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपने टिकट की श्रेणी और सामान ले जाने की सीमा जरूर जांच लें। अधिक वजन वाले सामान के लिए समय रहते ऑनलाइन बुकिंग कराने से स्टेशन पर होने वाली परेशानियों से बचा जा सकता है। रेलवे की यह नई व्यवस्था लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है।