फिरोजाबाद में हत्यारोपित देवेन्द्र पुलिस मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली
जमीन विवाद में प्रदीप की हत्या का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
फिरोजाबाद: एका थाना क्षेत्र के सिंहपुर उडेसर गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई प्रदीप कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने एक वांछित आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। सोमवार देर रात नहर पटरी के पास पुलिस की घेराबंदी के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को गांव में जमीन की पुरानी रंजिश को लेकर प्रदीप कुमार पर हमला किया गया था। आरोप है कि गांव के ही देवेन्द्र पुत्र गंगा सिंह ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उनकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक पक्ष की शिकायत पर देवेन्द्र समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी ने बताया कि सोमवार देर रात थाना प्रभारी एका राजेश कुमार पाण्डेय पुलिस टीम के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या का वांछित आरोपी देवेन्द्र नहर की पटरी के रास्ते फरार होने की कोशिश में है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने बताए गए रास्ते पर घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए। घायल देवेन्द्र को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एका और फिर जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
पुलिस अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। हत्याकांड में नामजद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर भी कार्रवाई जारी है।