पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर भागा आरोपी, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली
मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाते समय आरोपी ने की फायरिंग, पुलिस ने पैर में मारी गोली
वाराणसी: महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की एक छात्रा से कथित छेड़खानी के मामले में गिरफ्तार ऑटो चालक ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। सोमवार देर रात रविंद्रपुरी स्थित अस्सी नाले के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी गोलीबारी में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी मैनुद्दीन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार शाम करीब 7:30 बजे की है। काशी विद्यापीठ की छात्रा बीएचयू के विधि संकाय के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान एक ऑटो चालक ने कथित तौर पर वाहन की गति धीमी कर उसके साथ छेड़खानी की। छात्रा ने विरोध करते हुए शोर मचाया और पुलिस से शिकायत की।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ऑटो चालक को पकड़ लिया। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस टीम देर शाम आरोपी को मेडिकल परीक्षण के लिए लेकर जा रही थी। इसी दौरान रविंद्रपुरी के अस्सी नाले के पास उसने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और वाहन से उतरकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल होकर गिरने के बाद पुलिस टीम ने उसे काबू में लेकर गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
घायल आरोपी को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।