मिर्जापुर। हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) ने उत्तर प्रदेश में मिशन-2027 की तैयारियां तेज करते हुए ग्रामीण चौपाल महा-अभियान शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रघु मिश्रा ने नगर के बथुआ स्थित शांति कुंज लॉन में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि अब जनता को केवल भाषण और आश्वासन नहीं, बल्कि सीधे अपने अधिकार चाहिए। इसी उद्देश्य से पार्टी गांव-गांव जाकर गरीबों, महादलितों, वंचितों, किसानों, युवाओं और सवर्ण समाज की समस्याओं को उठाएगी।
मिर्जापुर जिला इकाई की ओर से जिलाध्यक्ष प्रवीण श्रीवास्तव के संयोजन में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री बिहार जीतन राम मांझी तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन के नेतृत्व में संगठन उत्तर प्रदेश में विस्तार कर रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी एनडीए की भरोसेमंद सहयोगी है और आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करेगी।
रघु मिश्रा ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी प्रदेश की 125 विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करने में जुटी है। महादलित, गरीब, शोषित और वंचित वर्ग के अधिकारों की लड़ाई के साथ समाज के सभी वर्गों को जोड़कर पार्टी एक मजबूत राजनीतिक विकल्प बनने का प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा और हिंदू समाज पर टिप्पणी कर आघात पहुंचाने वालों के खिलाफ अधिवक्ता टीम कानूनी कार्रवाई करेंगी।
उन्होंने एनडीए के सहयोगी दलों और जमीनी कार्यकर्ताओं के सम्मान पर जोर देते हुए रामायण में रामसेतु निर्माण के दौरान गिलहरी के योगदान का उदाहरण दिया। कहा कि जिस तरह भगवान श्रीराम ने गिलहरी के छोटे से योगदान को भी सम्मान दिया था, उसी तरह गठबंधन में छोटे दलों और जमीनी कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्व देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अहंकार और उपेक्षा की राजनीति से बचकर सभी सहयोगियों को साथ लेकर चलना होगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी गरीबों, दलितों, शोषितों और वंचितों के अधिकारों के साथ ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य और कायस्थ सहित सवर्ण समाज के सम्मान और हितों की भी आवाज उठाएगी। उन्होंने ईडब्ल्यूएस के 10 प्रतिशत आरक्षण, आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा तथा यूपीएससी, बीपीएससी और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में आर्थिक रूप से कमजोर सवर्ण विद्यार्थियों को फीस में छूट देने की मांग का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि समाज के किसी भी वर्ग के व्यक्ति के साथ अन्याय, उत्पीड़न या अपमान होने पर पार्टी चुप नहीं बैठेगी। इसके लिए प्रदेश स्तर पर अधिवक्ताओं की टीम गठित की जाएगी, जो जरूरतमंदों को मुफ्त कानूनी सलाह और विधिक सहायता उपलब्ध कराएगी। इस दौरान अभिषेक पाण्डेय, अजय जीत सेन गुप्ता, अमित खत्री एवं अशोक दुबे आदि मौजूद रहे।