नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश की राजनीति में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने नए गठबंधन का ऐलान किया है. इस गठबंधन को सामाजिक परिवर्तन मोर्चा नाम दिया गया है, जिसमें फिलहाल दो प्रमुख दल आजाद समाज पार्टी (ASP) और AIMIM शामिल हैं. चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि इसे तीसरा मोर्चा कहना सही नहीं होगा, बल्कि यह सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है. 
- असदुद्दीन ओवैसी ने बीजेपी और दूसरे दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि ये सिर्फ पर्व की पार्टियां हैं, भविष्य की पार्टियां नहीं हैं. उन्होंने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का जिक्र करते हुए कहा, "मैं गिरिराज साहब से कहूंगा कि आप बीमार हैं और अस्पताल में हैं. हम दुआ करते हैं कि आप जल्दी स्वस्थ हों, फिर हमसे मुकाबला करें." ओवैसी ने बीजेपी से जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो जवानों की हत्या पर भी जवाब मांगा. उन्होंने सवाल किया कि इस घटना पर बीजेपी क्या कहेगी?
- असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद की बातों से वह सहमत हैं और उनकी पार्टी सामाजिक परिवर्तन मोर्चा (SPM) का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि यह गठबंधन उत्तर प्रदेश में बीजेपी को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए एक मजबूत विकल्प होगा. ओवैसी ने कहा कि बीजेपी को रोकने के साथ-साथ गठबंधन जमीन से जुड़े मुद्दों पर भी लड़ाई लड़ेगा. उन्होंने लोगों से सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को कामयाब बनाने की अपील की. ओवैसी ने यह भी ऐलान किया कि गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार चंद्रशेखर आजाद होंगे.
- चंद्रशेखर आजाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में पिछड़े, दलित और मुस्लिम समाज के लोगों के साथ मारपीट और उत्पीड़न हुआ है. उन्होंने शब्बीरपुर मामले का जिक्र करते हुए कहा कि निर्दोष होने के बावजूद उन्हें 9 महीने जेल में रहना पड़ा और बाहर आने के बाद उन पर NSA लगाया गया, जबकि उनके समाज के लोगों पर भी रासुका लगाई गई. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने ऊपर दर्ज मुकदमे वापस लिए, लेकिन हाथरस में एक दलित लड़की को रात में पेट्रोल डालकर जला दिया गया, प्रयागराज में फूलचंद के पूरे परिवार की हत्या हुई और कासगंज में अल्ताफ को पुलिस हिरासत में मार दिया गया.
- चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर ने कई मोर्चे बनाए थे. बाबा साहेब का कहना था कि लोकतंत्र में जिस दल का अपना संगठन नहीं होता, उसकी ताकत भी नहीं होती. उन्होंने अन्याय सहने वालों को भी इसके लिए जिम्मेदार बताया और कहा कि अब समाज को अपनी ताकत पहचाननी होगी.
- चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बीजेपी का लक्ष्य संविधान और आरक्षण को खत्म करना है, लेकिन वे ऐसा नहीं होने देंगे. उन्होंने कहा, "मैं इनसे कहता हूं कि इन्हें दिन में तारे दिखा देंगे." आजाद ने दावा किया कि उनका मोर्चा 2027 में सत्ता परिवर्तन करेगा. उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी गठबंधन में शामिल होने का न्योता दिया. उन्होंने कहा कि उनका दिल बड़ा है और बीजेपी को हटाने के लिए जो भी उनके साथ आना चाहेगा, उसका स्वागत किया जाएगा.
- चंद्रशेखर ने कहा कि कई राजनीतिक दलों ने बहुजन समाज से वादे किए, उनके वोट लिए और घोषणाएं भी कीं, लेकिन समाज के लिए कुछ नहीं किया. आज भी बहुजन समाज के लोग बुनियादी सुविधाओं से दूर हैं. गरीब बस्तियों में मकान और सड़कों की हालत देखकर वहां रहने वाले लोगों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है.
चंद्रशेखर आजाद ने बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आज लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है. जो लोग अपनी आवाज उठाते हैं, उन्हें सरकार का डंडा झेलना पड़ता है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने ऐसा कानून बना दिया है कि विरोध करने पर नौकरी तक नहीं मिलेगी.
चंद्रशेखर ने कहा कि 2014, 2017, 2022 और 2024 में बीजेपी को हटाने के कई वादे किए गए, लेकिन बीजेपी कमजोर होने के बजाय और मजबूत होती गई. उन्होंने बताया कि इसी जरूरत को देखते हुए उन्होंने ओवैसी से बातचीत की और अपनी राजनीतिक ताकत मजबूत करने का फैसला किया. उन्होंने कहा कि अब कमजोर समाज के लोग अपने वोट से ताकत बनेंगे और किसी के आगे हाथ नहीं फैलाएंगे. उन्होंने कांशीराम के उस विचार का भी जिक्र किया कि समाज को मांगने वाला नहीं, बल्कि देने वाला बनना चाहिए.
Tags: