Tree plantation अभियान को उत्सव की तरह मनाएगा सहारनपुर प्रशासन

Update: 2026-07-10 14:48 GMT

Saharanpur सहारनपुर : जनपद में आगामी 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महाअभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों, पौधरोपण स्थलों, पौध उठान, जियो-टैगिंग और निगरानी व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान कुछ अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण महाअभियान सरकार की महत्वपूर्ण पहल है और इसकी सफलता के लिए सभी विभागों की जिम्मेदारी तय की गई है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने चयनित पौधरोपण स्थलों का पूरा विवरण जल्द उपलब्ध कराएं। इसमें स्थल की जानकारी के साथ गड्ढों की फोटो भी शामिल होनी चाहिए, ताकि अभियान की प्रगति की सही निगरानी की जा सके। उन्होंने अधिकारियों से पौध उठान की स्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि शेष पौधों का उठान कार्य जल्द पूरा किया जाए।

डीएम ने कहा कि सभी विभागों के लिए इंडेंट स्कैन करवाना अनिवार्य है। इसके बाद ही संबंधित जानकारी पोर्टल पर प्रदर्शित हो सकेगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में निर्धारित 47 लाख 89 हजार 400 पौधों के रोपण के लक्ष्य को हर हाल में शत-प्रतिशत पूरा किया जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण अभियान में सामाजिक संस्थाओं और आमजन की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। दिल्ली रोड स्थित विद्यालयों में पौधरोपण के लिए वन विभाग को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में पौधे लगाने के लिए स्थान उपलब्ध नहीं है या रखरखाव की समस्या है, वहां संबंधित विद्यालयों से समन्वय स्थापित कर रेंजर्स के माध्यम से अनुमति लेकर पौधरोपण कराया जाए। इसके अलावा कंपनी गार्डन में पेड़ों की संख्या बढ़ाने के लिए व्यापार मंडल के सहयोग से एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए, जिसमें करीब 400 से 500 पौधे लगाए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने काली नदी के आसपास के क्षेत्रों में भी बड़े स्तर पर पौधरोपण कराने को कहा। उन्होंने पोर्टल अपडेट के लिए संबंधित आदेशों की स्कैन कॉपी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विभागों का कार्य समय पर पूरा नहीं होगा, उनके साथ दोबारा समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।

डीएम ने बताया कि 12 जुलाई का वृक्षारोपण महाअभियान एक उत्सव के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें सभी विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने रोपण कार्य के दौरान प्रत्येक पौधे की जियो-टैगिंग अनिवार्य करने और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पौधरोपण करते समय सेल्फी और वीडियो अपलोड करना भी जरूरी होगा, ताकि अभियान की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। इसके लिए दो विशेष स्थलों का चयन किया जाएगा, जहां किए गए कार्यों का प्रदर्शन किया जाएगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग चांदनी सिंह, डीएफओ विपुल सिंघल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने सभी विभागों, संस्थाओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस महाअभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और सहारनपुर को हरा-भरा बनाने में सहयोग करें।

Tags:    

Similar News