Saharanpur सहारनपुर : देवबंद थाना पुलिस ने चोरी की कई घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों और नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर बड़ी मात्रा में तांबे का तार, अवैध चरस, नकदी, आधार कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी करने वाले गिरोह पर शिकंजा कसने की बात कही जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रिजवान पुत्र इमरान निवासी मोहल्ला कोल्हा बस्ती, कस्बा व थाना देवबंद, बाबर पुत्र बदर आलम निवासी एचएवी इंटर कॉलेज पक्का बाग, देवबंद और कृष्णपाल उर्फ मिंटू पुत्र पूरण सिंह निवासी बलजीत कॉलोनी मोहल्ला लहसवाड़ा, थाना देवबंद के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि थाना देवबंद क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाओं की शिकायतें मिल रही थीं। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को ग्राम मकबरा देवबंद के पास खेतों से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 2 किलो 700 ग्राम तांबे का तार, 200 ग्राम अवैध चरस, तीन आधार कार्ड, 3670 रुपये नकद और एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की। बरामद मोटरसाइकिल को पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया था। इनमें 15 जून 2026 को थाना देवबंद में दर्ज मामला भी शामिल है। इस मामले में वादी वसीम अब्बास नकवी निवासी थीतकी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनकी आरा मशीन में खड़े ट्रैक्टर के बैटरे का अल्टीनेटर तोड़कर उसमें से कॉपर निकाल लिया था। इसके अलावा बिजली का आरा और चाबी भी चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
इसके बाद 8 जुलाई 2026 को ग्राम चंदेना कोली निवासी संजय कुमार ने ट्यूबवेल से तार चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं 11 जुलाई को विपिन भारती निवासी मोहल्ला कायस्थवाड़ा ने अपनी फैक्ट्री से कटर की मोटर चोरी होने का मामला दर्ज कराया था। इसी दिन फैक्ट्री में चोरी और मारपीट से जुड़ा एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया गया था, जिसमें अल्टीनेटर, वायरिंग, डीवीआर, एलईडी और इन्वर्टर बैटरा चोरी करने का आरोप लगाया गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से हुई बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में बढ़ोतरी की गई है। वहीं 200 ग्राम अवैध चरस मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ थाना देवबंद में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक थाना देवबंद कपिल देव के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। तीनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।