अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन लोगों की मौत, पूजा देखकर लौटते समय हुआ हादसा
सिद्धार्थनगर: दुर्गा पूजा देखकर घर लौट रहे तीन बाइक सवारों की सड़क हादसे में मौत हो गई। दुर्घटना भवानीगंज थाना क्षेत्र के बयारा चौराहे के पास हुई। अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया।
मृतकों की पहचान चौरा बनगवा गांव निवासी इंद्रजीत गौतम पुत्र बसंत गौतम, विशाल पुत्र रामचंदर प्रजापति और मुकेश अग्रहरि पुत्र तीरथ अग्रहरि के रूप में हुई है। तीनों मंगलवार रात दुर्गा पूजा देखने निकले थे। रात करीब 12 बजे वापस लौटते समय उनकी बाइक दुर्घटना का शिकार हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुटे। एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से परिवारों में शोक है।
सूचना पर पहुंचे भवानीगंज थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उन्होंने बताया कि दुर्घटना करने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था। हालांकि, दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच जारी है।